Last Updated:
देवघर-दुमका फोरलेन (NH-114A) आज 25 जुलाई से शुरू हो रहा है. 999 करोड़ की लागत से बनी इस सड़क से श्रावणी मेले के श्रद्धालुओं को भारी जाम से राहत मिलेगी. अब बाबाधाम से बासुकीनाथ की यात्रा आसान होगी और 20 मिनट का समय बचेगा.
देवघर: श्रावणी मेला शुरू होने से पहले बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. वर्षों से जिस देवघर-दुमका नेशनल हाईवे का लोग इंतजार कर रहे थे, अब वह इंतजार खत्म होने वाला है. लंबे समय से निर्माणाधीन रहा नेशनल हाईवे-114A अब पूरी तरह तैयार हो चुका है. आज 25 जुलाई से इस फोरलेन सड़क का उद्घाटन किया जाएगा. इसके साथ ही छोटे और बड़े सभी वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी. इसका सबसे बड़ा फायदा श्रावणी मेले में देवघर आने वाले उन श्रद्धालुओं को मिलेगा जो बाबा बैद्यनाथ की पूजा के बाद बाबा बासुकीनाथ के दर्शन के लिए दुमका जाते हैं.
999 करोड़ की राशि मे बना यह फॉरलेन
करीब 45.15 किलोमीटर लंबा यह फोरलेन हाईवे लगभग 999 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. सड़क को आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया गया है ताकि यात्रा सुरक्षित और आरामदायक हो सके. पूरे मार्ग में दो रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बनाए गए हैं. इसके अलावा सड़क की चौड़ाई लगभग 8.5 मीटर रखी गई है और रास्ते में 24 अंडरपास भी बनाए गए हैं. जिससे स्थानीय लोगों और ग्रामीण क्षेत्रों के आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो.यह सड़क पहले की तुलना में कहीं ज्यादा मजबूत और सुरक्षित मानी जा रही है.
बाबाधाम से बासुकीनाथधाम जाना हुआ आसान
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से इस सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था, लेकिन इसके पूरा नहीं होने की वजह से देवघर से दुमका तक का सफर काफी मुश्किल भरा हो जाता था. कई जगह डायवर्जन होने के कारण यात्रियों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता था. खासकर श्रावणी मेले के दौरान भारी भीड़ और वाहनों के दबाव की वजह से लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता था. अब फोरलेन शुरू होने के बाद यह परेशानी काफी हद तक खत्म हो जाएगी और श्रद्धालु कम समय में आसानी से बासुकीनाथ पहुंच सकेंगे.
दो वर्षो से चल रहा था हाईवे का काम
दरअसल, पिछले करीब दो वर्षों से लोग इस हाईवे के शुरू होने का इंतजार कर रहे थे. निर्माण के दौरान तकनीकी कारणों और बड़े स्तर पर चल रहे काम की वजह से इसका उद्घाटन लगातार टलता रहा. हालांकि अब निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. एनएचएआई के अधिकारियों ने भी स्पष्ट किया है कि 25 जुलाई से इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा. ऐसे में इस बार श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा.
20 मिनट का बचेगा समय
देवघर दुमका फॉरलेन बनने से श्रद्धालुओं को करीब 20 मिनट का समय बचने वाला है. यह सड़क सिर्फ यात्रा को आसान नहीं बनाएगी, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिहाज से भी काफी अहम मानी जा रही है. पिछले वर्ष इसी मार्ग पर एक बस हादसे में कई लोगों की जान चली गई थी. इसके अलावा पुराने मार्ग पर आए दिन छोटे-बड़े सड़क हादसे होते रहते थे, क्योंकि इसी रास्ते से भारी वाहनों का भी लगातार परिचालन होता है. अब फोरलेन बनने के बाद ट्रैफिक का दबाव बेहतर तरीके से नियंत्रित होगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी काफी कम होने की उम्मीद है.
जिला प्रशासन ने पूरी की तैयारी
जिला प्रशासन और हाईवे अथॉरिटी ने भी श्रावणी मेले को देखते हुए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं. अधिकारियों का कहना है कि हाईवे पर यातायात पूरी तरह निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित होगा. जगह-जगह संकेतक, सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. कुल मिलाकर देखा जाए तो इस बार का श्रावणी मेला श्रद्धालुओं के लिए पहले की तुलना में कहीं ज्यादा सुविधाजनक होने वाला है. देवघर से बासुकीनाथ की यात्रा अब तेज, सुरक्षित और आसान होगी. वर्षों से जिस फोरलेन सड़क का इंतजार किया जा रहा था, उसका लाभ आखिरकार इस श्रावणी मेले से मिलने जा रहा है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.