![]()
देवघर के सारवां थाना क्षेत्र के पहाड़िया गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल शंभू यादव की गुरुवार को एम्स देवघर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। जाम हटाने पहुंचे थाना प्रभारी से महिलाओं ने धक्का-मुक्की भी की। मामला सिरसिया पंचायत के पहाड़िया गांव में काली मंडा की जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि जमीन विवाद में राजेश यादव, सुखदेव यादव, गुड्डू यादव, विवेक यादव और रवि यादव समेत अन्य लोगों ने शंभू यादव (पिता हरिहर यादव) के साथ मारपीट की थी। मारपीट में शंभू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें पहले स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स देवघर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। समय पर कार्रवाई नहीं हुई: ग्रामीण मौत की खबर गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले थाना, अंचल कार्यालय, अनुमंडल पदाधिकारी और उपायुक्त कार्यालय में शिकायत की गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने सुखदेव यादव और राजेश यादव समेत सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। जाम हटाने पहुंचे थाना प्रभारी संतोष कुमार पर हमले की सूचना है। घटना के बाद पहाड़िया गांव और आसपास के इलाके में तनाव है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
Source link