![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को गरगा पुल स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा समेत जिले के वरीय पदाधिकारियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। मौके पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन, विचार और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। आजादी के बाद देशी रियासतों का एकीकरण बड़ी चुनौती थी। सरदार पटेल ने अपने दृढ़ नेतृत्व, दूरदर्शिता और संकल्प शक्ति से इस चुनौती को पूरा कर देश को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। उनका यह ऐतिहासिक योगदान खासकर युवाओं के लिए हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि देश की विविधताओं के बीच आपसी सामंजस्य, सद्भाव और एकजुटता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें इसी भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की। वहीं, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में सरदार पटेल की भूमिका अतुलनीय रही है। हमें देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। सभी थानों में निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यालयों और स्थानीय स्तर पर भी बच्चों एवं युवाओं को राष्ट्रीय एकता और आपसी सद्भाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मौके पर अन्य पदाधिकारी व कर्मी थे।
Source link