![]()
धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के भेलाटांड स्थित एक निजी हॉस्पिटल में मंगलवार सुबह चार साल की बच्ची की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और डॉक्टर व अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। भेलाटांड निवासी अभिलाष महतो ने बुखार की शिकायत के बाद बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि बच्ची अस्पताल में करीब 24 घंटे रही, लेकिन डॉक्टर उसे देखने नहीं पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने बच्ची की तबीयत को लेकर डॉक्टर आरके सिंह को कई बार फोन किया, लेकिन वे अस्पताल नहीं आए। उनका आरोप है कि बच्ची की जांच हुई, लेकिन रिपोर्ट उन्हें नहीं दिखाई गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि इलाज की जिम्मेदारी कंपाउंडर के भरोसे थी और वह शराब के नशे में रहता था। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए। बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि पुलिस बच्ची की मौत के हालात की जांच कर रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
Source link