बोकारो | डीपीएस बोकारो के पूर्व छात्र और देश के प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री नीलकंठ मिश्रा को विश्व बैंक के वाशिंगटन डीसी मुख्यालय में भारत का अगला कार्यकारी निदेशक (ईडी) नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार की कैबिनेट नियुक्ति समिति ने उनके नाम को मंजूरी दे दी है। वे उत्तर प्रदेश कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी परमेश्वरन अय्यर का स्थान लेंगे। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा। नीलकंठ मिश्रा देश के जाने-माने अर्थशास्त्री हैं। वे पूर्व में एक्सिस बैंक के मुख्य अर्थशास्त्री रह चुके हैं तथा प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के सलाहकार के रूप में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। डीपीएस बोकारो के 1993 बैच के छात्र नीलकंठ मिश्रा ने उसी वर्ष आईआईटी प्रवेश परीक्षा में देशभर में चौथा स्थान प्राप्त किया था। उनकी इस उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार ने प्रसन्नता व्यक्त की।
Source link