बोकारो. ग्रामीण इलाकों में खेतों की सिंचाई यानी पटवन के लिए आज भी बड़े पैमाने पर पेट्रोल और डीजल पंप सेट का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन कई बार किसानों को इन मशीनों में अलग-अलग तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. ऐसे में बोकारो के चास स्थित संदीप मशीनरी के संचालक राजेश प्रसाद ने पेट्रोल और डीजल पंप सेट में होने वाली आम समस्याओं और उनके समाधान की जानकारी साझा की है.
पंप से पानी कम निकलने पर क्या करें?
राजेश के अनुसार, अगर पंप सेट से पहले की तुलना में कम पानी निकल रहा है, तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं. आमतौर पर गलन सुता में खराबी आने से पानी का बहाव कम हो जाता है. ऐसी स्थिति में गलन सुता बदलने से पानी का बहाव बेहतर हो सकता है. इसके अलावा गवर्नर स्प्रिंग में खराबी या टूट-फूट होने से भी मशीन की क्षमता कम हो जाती है. ऐसे में खराब पुर्जे को बदलना जरूरी है, ताकि पंप सही तरीके से काम कर सके.
मशीन से ज्यादा आवाज आने पर क्या करें?
पंप सेट चलाते समय अगर मशीन से सामान्य से ज्यादा आवाज आती है, तो इसके पीछे साइलेंसर में खराबी हो सकती है. ऐसे में साइलेंसर की जांच करानी चाहिए और जरूरत पड़ने पर उसे बदलवा लेना चाहिए.
इंजन से काला या नीला धुआं निकलने पर क्या करें?
पेट्रोल और डीजल पंप सेट से काला धुआं निकलना भी एक आम समस्या है. राजेश के अनुसार, आमतौर पर एयर क्लीनर में गंदगी जमा होने या इंजन में जरूरत से ज्यादा ईंधन जाने के कारण ऐसा होता है. इससे बचने के लिए एयर क्लीनर की अच्छी तरह सफाई करनी चाहिए. साथ ही इंजेक्शन पंप की जांच कराकर मैकेनिक से उसकी मरम्मत करवानी चाहिए.
वहीं, इंजन से नीला धुआं निकलने का कारण ऑयल रिंग का घिस जाना या कम गाढ़ेपन वाले इंजन ऑयल का इस्तेमाल करना हो सकता है. ऐसी स्थिति में खराब ऑयल रिंग को बदलना चाहिए और मशीन में हमेशा सही गाढ़ेपन वाले इंजन ऑयल का ही इस्तेमाल करना चाहिए.
लापरवाही से घट सकती है मशीन की क्षमता
राजेश के अनुसार, कई बार किसान पंप सेट की सही तरीके से देखभाल नहीं करते हैं. मशीन के अंदर गंदगी या कचरा जाने से पानी का प्रेशर कम हो सकता है और उसकी कार्यक्षमता भी प्रभावित होती है. इसलिए समय-समय पर मशीन की सफाई और जरूरी जांच करानी चाहिए.
इंजन चालू नहीं होने पर?
अगर पंप सेट का इंजन चालू नहीं हो रहा है, तो इसके पीछे फ्यूल सिस्टम में खराबी, फ्यूल पंप ठीक से काम नहीं करना, फिल्टर जाम होना या फ्यूल लाइन में पानी चले जाना जैसे कारण हो सकते हैं.
ऐसी स्थिति में सबसे पहले फ्यूल लाइन में फंसी हवा को बाहर निकालना चाहिए. इसके अलावा फ्यूल पंप की जांच करानी चाहिए, जाम फ्यूल फिल्टर को बदलना चाहिए और जरूरत पड़ने पर पुराना फ्यूल ऑयल भी बदल देना चाहिए. इन बातों का ध्यान रखने से इंजन दोबारा बेहतर तरीके से काम कर सकता है.
पंप सेट लगाते समय इन बातों का रखें ध्यान
पंप सेट लगाने के लिए हमेशा ऐसी जगह का चुनाव करना चाहिए, जहां सक्शन पाइप की लंबाई कम से कम हो. साथ ही सक्शन पाइप की ऊंचाई भी कम रखनी चाहिए, ताकि पानी आसानी से मशीन तक पहुंच सके.
पंप को ऐसी जगह लगाना चाहिए, जहां उसके सभी जरूरी हिस्सों जैसे जॉइंट और बेयरिंग की आसानी से जांच की जा सके. इसके अलावा मशीन को हमेशा सूखी और समतल जमीन पर रखना चाहिए.
समय पर बदलें इंजन ऑयल
एक्सपर्ट राजेश के अनुसार, पंप सेट का बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने के लिए समय-समय पर इंजन ऑयल बदलना भी जरूरी है. मशीन के लगभग 150 घंटे चलने के बाद इंजन ऑयल बदल देना चाहिए. इससे इंजन की कार्यक्षमता बनी रहती है और मशीन लंबे समय तक बेहतर तरीके से काम करती है.