Last Updated:
Bihar Cabinet Expansion: 7 मई 2026 को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का भव्य मंत्रिमंडल विस्तार और शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो रहा है. इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा सहित कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की संभावना है. ऐसे में सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए पटना पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.

पटना ट्रैफिक अलर्ट: 7 मई को गांधी मैदान में शपथ ग्रहण, घर से निकलने से पहले जान लें ये नए रूट और पार्किंग नियम.
पटना. बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के मंत्रिपरिषद का विस्तार बृहस्पति वार (7 मई) को होने जा रहा है. इसको देखते हुए राजधानी पटना की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बदली रहेगी. शेखपुरा मोड़ से हवाई अड्डा की ओर जाने वाले सभी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है. इसके अलावा, हवाई अड्डा गोलंबर से पूर्व पटेल गोलंबर तक और राजेंद्र चौक से पटेल गोलंबर की ओर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा. पटेल गोलंबर से लेकर आयकर गोलंबर तक, जिसमें हार्डिंग रोड, सिंचाई भवन और आर ब्लॉक का इलाका शामिल है, सभी प्रकार के वाहनों के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है.
पटना शहर के भीतर का डायवर्जन प्लान
चितकोहरा गोलंबर से उत्तर की ओर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. आयकर गोलंबर से डाक बंगला, जेपी गोलंबर, रामगुलाम चौक, बाकरगंज और कारगिल चौक तक किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी. साथ ही, न्यू डाक बंगला रोड से एसपी वर्मा रोड में प्रवेश को भी पूर्णतः बाधित रखा गया है.
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए सलाह
हवाई यात्रा करने वाले लोग जगदेव पथ और राजाबाजार होते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकते हैं. वहीं, पटना जंक्शन जाने के लिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे करबिगहिया वाले छोर का उपयोग करें ताकि डाक बंगला और आयकर गोलंबर वाले जाम से बच सकें.
VVIP एंट्री और पार्किंग की व्यवस्था
प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए विशेष मानक तय किए गए हैं. अति विशिष्ट (VVIP) मेहमानों का काफिला गांधी मैदान के गेट नंबर 1 से प्रवेश करेगा. शपथ लेने वाले मंत्रीगण और पास धारक वीआईपी के वाहन बुद्ध मार्ग होते हुए गेट नंबर 4 या गेट नंबर 12 से पार्किंग एरिया में जा सकेंगे. आम जनता के लिए प्रवेश हेतु गेट नंबर 7, 8, 9 और 10 को निर्धारित किया गया है.
वाहनों की पार्किंग के लिए विकल्प
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर दीघा गोलंबर से कंगन घाट तक पार्किंग की व्यवस्था की है. इसके अलावा, पटना कॉलेज और पटना साइंस कॉलेज के परिसर में भी वाहनों को पार्क करने की जगह दी गई है ताकि मुख्य सड़कों पर दबाव कम रहे.