चाईबासा| गुरुवार को पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, चाईबासा के माधव सभागार में 11 बजे कक्षा अरुण, उदय एवं प्रभात के अभिभावकों की गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य बिपिन कुमार दास, शिशु वाटिका प्रमुख श्रीमती मंजू श्रीवास्तव, आचार्य प्रतिनिधि संजय कुमार सहित अभिभावकों द्वारा दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। आचार्य संजय कुमार ने गोष्ठी की प्रस्तावना प्रस्तुत की। इस अवसर पर मंजू दीदी जी ने अभिभावकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय व परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। गोष्ठी में भैया-बहनों के शैक्षणिक, नैतिक एवं शारीरिक विकास पर विशेष चर्चा हुई। अच्छे संस्कार विकसित करने पर भी जोर दिया गया। अभिभावकों को बच्चों की नियमित दिनचर्या, स्वच्छता, अनुशासन एवं पौष्टिक भोजन की आदतों पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय व अभिभावकों के पारस्परिक सहयोग और समन्वय से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य बच्चों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार लाना रहा। इस गोष्ठी में 152 अभिभावक उपस्थित थे।
Source link