भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

पलामू के सरकारी शिक्षक की अनोखी पहल, हर शनिवार मुफ्त देते हैं...


Last Updated:

Palamu Teacher Free Career Guidance Classes: पलामू के शिक्षक अभिषेक तिवारी गरीब छात्रों को मुफ्त करियर का मार्गदर्शन और ऑनलाइन मोटिवेशनल क्लास देते हैं. गूगल मीट के माध्यम से 100 से ज्यादा छात्र उनके जुड़ते हैं. इस बार के सत्र में आईएएस अनिमेष रंजन ने भी छात्रों को सफलता के मंत्र दिए.

ख़बरें फटाफट

पलामू. सरकार द्वारा एक ओर जहां शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू की जा रही हैं, वहीं सरकारी विद्यालयों के शिक्षक भी अपने स्तर पर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सराहनीय पहल कर रहे हैं. पलामू जिले के सतबरवा स्थित राजकीयकृत सर्वोदय प्लस टू उच्च विद्यालय के पीजीटी (भौतिकी) शिक्षक अभिषेक कुमार तिवारी पिछले कई वर्षों से निःशुल्क करियर मार्गदर्शन और ऑनलाइन मोटिवेशनल क्लास का संचालन कर रहे हैं. इसका उद्देश्य आर्थिक, सामाजिक और पारिवारिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को सही दिशा देकर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए तैयार करना है.

हर शनिवार सजती है ऑनलाइन करियर की पाठशाला
अभिषेक तिवारी ने लोकल18 को बताया कि वर्ष 2018 से शुरू हुई यह शैक्षणिक पहल वर्ष 2020 में ऑनलाइन स्वरूप में बदल गई. अब हर शनिवार गूगल मीट के माध्यम से 100 से अधिक छात्र-छात्राएं नियमित रूप से इन कक्षाओं से जुड़ते हैं. हर तीसरे शनिवार विशेष मोटिवेशनल और करियर गाइडेंस सत्र आयोजित होता है, जिसमें जिले, राज्य और देश के विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारी, विशेषज्ञ और सफल अभ्यर्थी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और करियर चयन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देते हैं. इस कक्षा में 9वीं से लेकर 12वीं तक के छात्र-छात्राएं जुड़ते हैं.

आईएएस अनिमेष रंजन ने साझा किया सफलता का मंत्र
हाल ही में शनिवार को आयोजित ‘ज्वाइन फॉर श्योर’ विशेष करियर ऑनलाइन मार्गदर्शन कार्यक्रम में 2020 बैच के आईएएस अधिकारी एवं पलामू के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अनिमेष रंजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. डीएवी विद्यालय, चियांकी से मैट्रिक की पढ़ाई करने वाले अनिमेष रंजन ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन, निरंतर प्रयास और दृढ़ इच्छाशक्ति से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे कॉलेज का चयन करने और सोशल मीडिया का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी. स्थानीय स्तर से निकलकर आईएएस बनने की उनकी कहानी ने छात्रों में नया आत्मविश्वास जगाया.

यूपीएससी से लेकर राज्य सेवा तक, हर क्षेत्र की मिलती है जानकारी
अभिषेक तिवारी ने आगे बताया कि इस ऑनलाइन मंच पर भारतीय प्रशासनिक सेवा की तैयारी कर रहे नमन पाठक यूपीएससी की तैयारी की रणनीति साझा करते हैं, जबकि सद्दाम अंसारी राज्य प्रशासनिक सेवा समेत विभिन्न सरकारी विभागों में करियर के अवसरों और उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी देते हैं. समय-समय पर आईएएस, आईपीएस समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उन्हें लक्ष्य निर्धारण, अध्ययन पद्धति और सफलता के सूत्र बताते हैं. इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बिना किसी शुल्क के अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिल रहा है.

शिक्षक परिवार की प्रेरणा से शुरू हुई अनूठी मुहिम
अभिषेक कुमार तिवारी ने यह भी बताया कि उनका परिवार शुरू से ही शिक्षा से जुड़ा रहा है. उनके पिता डॉ. अरुण कुमार तिवारी सूरत पांडे डिग्री कॉलेज में वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष हैं. शिक्षा के प्रति इसी समर्पण ने उन्हें विद्यार्थियों के लिए यह निःशुल्क मंच शुरू करने की प्रेरणा दी. उनके मार्गदर्शन में इस वर्ष विद्यालय से इंटर का स्टेट टॉपर भी निकला है. उनका मानना है कि अगर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को समय पर सही मार्गदर्शन मिल जाए, तो वे भी देश की बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकते हैं. यही सोच आज सैकड़ों विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान दे रही है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top