![]()
पलामू के शहर थाना क्षेत्र में एक 30 वर्षीय महिला का शव घर में पंखे से लटका मिला। मृतका की पहचान पूजा देवी के रूप में हुई है। वह बैरिया बाजार समिति गेट के सामने स्थित मकान में अपने पति अमित कुमार और दो बच्चों के साथ रहती थी। घटना की जानकारी बुधवार तड़के करीब तीन बजे उस समय मिली, जब महिला के बेटे ने मां को फंदे से लटका देखा। उसकी रोने की आवाज सुनकर पति और घर के अन्य सदस्यों की नींद खुली। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुपट्टे का फंदा काटकर शव को नीचे उतारा। सूचना मिलने पर मृतका के पिता भरत प्रसाद भी पहुंचे। उन्होंने अपनी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप उसके पति पर लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पिता ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस कर रही जांच पूजा देवी के पिता भरत प्रसाद गढ़वा जिले के नगर ऊंटारी (श्री बंशीधर नगर) के रहने वाले हैं। वह वहां एसडीओ के ड्राइवर के रूप में कार्यरत हैं। बेटी की मौत की सूचना मिलने पर वह घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या करने के बाद उसे फंदे से लटकाया गया है। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर मारपीट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, पूजा और उसके पति अमित कुमार के बीच संबंध सामान्य नहीं थे। दोनों के बीच बातचीत भी नहीं होती थी और लंबे समय से अलग-अलग कमरों में सोते थे। अमित कुमार की रेडमा में दवा की दुकान है। बताया जाता है कि पूजा पति के शराब पीने का विरोध करती थी। इस वजह से परिवार में विवाद की स्थिति बनी रहती थी। हालांकि, दोनों ने पिछले दिनों साथ में छठ पर्व भी मनाया था। ऐसे में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। बेटे ने मां को फंदे पर लटके देखा घटना के समय पूजा अपने दोनों बच्चों के साथ अलग कमरे में सोई हुई थी। बुधवार तड़के बेटे की नजर मां के फंदे पर लटके शव पर पड़ी। इसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और परिजनों से घटना की जानकारी ली। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला ने आत्महत्या की या उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया। मृतका के पिता के आरोप और परिवार में पहले से चल रहे विवाद को देखते हुए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
Source link