Last Updated:
मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के सुदना पश्चिमी स्थित अघोर आश्रम परिसर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बन रहा वर्टिकल-3 प्रोजेक्ट आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है. इस योजना के तहत कई जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सुरक्षित घर मिलने वाला है. नगर निगम के अनुसार, परियोजना के कुछ ब्लॉकों का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही चयनित लाभुकों को फ्लैट आवंटित किए जाएंगे.
पलामू: अपना घर होना हर व्यक्ति का सपना होता है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह सपना पूरा करना आसान नहीं होता. ऐसे लोगों के लिए मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के सुदना पश्चिमी स्थित अघोर आश्रम परिसर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बन रहा वर्टिकल-3 प्रोजेक्ट उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है. यहां निर्माणाधीन ब्लॉक-ए और ब्लॉक-डी का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही लाभुकों को आवास आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इससे दर्जनों परिवारों का अपने घर का सपना साकार होने जा रहा है.
वर्टिकल-3 परियोजना के नोडल पदाधिकारी एमडी शाहीद हसन ने बताया कि ब्लॉक-बी में पहले ही लाभुकों को फ्लैट आवंटित किए जा चुके हैं और कई परिवार वहां रहना भी शुरू कर चुके हैं. वहीं ब्लॉक-ए और ब्लॉक-डी का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है. दोनों ब्लॉकों के फ्लैट लगभग तैयार हैं और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही चयनित लाभुकों को आवास आवंटित कर दिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि वर्टिकल-3 परियोजना के तहत ब्लॉक ए से लेकर एच तक कुल आठ ब्लॉकों में 240 फ्लैट बनाए जा रहे हैं. इनमें ब्लॉक-ए में 16 फ्लैट हैं, जबकि ब्लॉक-बी से ब्लॉक-एच तक प्रत्येक ब्लॉक में 32-32 फ्लैट बनाए गए हैं. इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर के कम आय वर्ग और बेघर परिवारों को सुरक्षित तथा सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराना है.
एमडी शाहीद हसन ने बताया कि नगर निगम द्वारा सभी 240 आवासों के लिए लाभुकों का चयन किया जा चुका है. हालांकि कई लाभुक अब तक अपनी अंतिम किश्त की राशि जमा नहीं कर पाए हैं. ऐसे लाभुकों को पहले भी नोटिस जारी किया गया था और अब एक बार फिर भुगतान करने की अपील की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शेष राशि जमा नहीं करने पर संबंधित लाभुकों का आवास आवंटन रद्द किया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि लाभुकों द्वारा समय पर भुगतान किए जाने से निर्माण और आवंटन प्रक्रिया में तेजी आती है. इसलिए सभी चयनित लाभुकों से जल्द से जल्द अंतिम किश्त जमा करने का आग्रह किया गया है. जिन लाभुकों का आवंटन रद्द होगा, उनके स्थान पर रिक्त फ्लैटों के लिए नए लाभुकों का चयन किया जाएगा. इसके लिए आवेदन लेने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है.
नगर निगम की यह महत्वाकांक्षी आवासीय योजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है. ब्लॉक-ए और ब्लॉक-डी के तैयार होने के साथ ही सैकड़ों लोगों के अपने घर का सपना जल्द ही हकीकत में बदलने वाला है. इससे न केवल लोगों को सुरक्षित और स्थायी आवास मिलेगा, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आएगा.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें