Last Updated:
‘उज्ज्वल कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की कंपनी ने 60 हजार रुपये का लोन देने का झांसा देकर सैकड़ों लोगों से 5 से 6 हजार रुपये वसूले. इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि फरार हो गए. ठगी का असर नगर उंटारी, खरौंधी, भवनाथपुर और केतार प्रखंड में बताया जा रहा है. भवनाथपुर थाने में दो प्राथमिकी दर्ज हुई हैं. पुलिस जांच कर रही है.
सैकड़ों लोगों के साथ ठगी
गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में लोन देने के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है. एक फर्जी फाइनेंस कंपनी ने सैकड़ों लोगों को लोन देने का झांसा दिया. इसके बाद लोगों से हजारों रुपये वसूलकर कंपनी के लोग फरार हो गए. मामला भवनाथपुर थाना क्षेत्र का है. बताया जा रहा है कि ‘उज्ज्वल कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की कंपनी ने लोगों को 60 हजार रुपये का लोन देने का लालच दिया था. लोन के लिए अलग-अलग फीस और प्रक्रिया के नाम पर लोगों से करीब 5 से 6 हजार रुपये लिए गए. मोटी रकम जमा कराने के बाद कंपनी के एजेंट अचानक गायब हो गए. इसके बाद लोगों को ठगी का पता चला.
चार प्रखंडों के लोग बने शिकार
बताया जा रहा है कि ठगी का असर जिले के चार प्रखंडों तक है. इनमें नगर उंटारी, खरौंधी, भवनाथपुर और केतार शामिल हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी के एजेंटों ने आसान शर्तों पर लोन दिलाने का भरोसा दिया था. लोगों से पहले पैसे जमा कराए गए. जब बड़ी संख्या में लोगों से रकम वसूल हो गई, तो कंपनी के लोग अपना ऑफिस बंद कर फरार हो गए. ठगी की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पीड़ित लोग अब पुलिस के पास पहुंच रहे हैं. उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई और अपने पैसे वापस दिलाने की मांग की है.
भवनाथपुर थाने में दो FIR दर्ज
मामले में भवनाथपुर थाने में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है. कंपनी से जुड़े लोगों और पैसों के लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है. पीड़ित अमित ने बताया कि उन्हें भी लोन देने का भरोसा दिया गया था. इसके लिए उनसे पैसे लिए गए. बाद में कंपनी के लोग संपर्क से बाहर हो गए.
एसडीएम ने लोगों को किया सावधान
गढ़वा के एसडीएम प्रभाकर मिर्घा ने कहा कि उज्ज्वल कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी ने गरीब और भोले-भाले लोगों को ठगी का शिकार बनाया है. उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दी गई है. इसकी जानकारी उपायुक्त को भी दी जाएगी. मामले में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है और जांच चल रही है. एसडीएम ने लोगों से ऐसी कंपनियों और लोगों से सावधान रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि किसी भी कंपनी पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जानकारी जरूर जांच लें. उन्होंने लोगों को खास तौर पर ऐसे लोगों से बचने की सलाह दी, जो कम समय में ज्यादा पैसा देने या आसान तरीके से बड़ा लोन दिलाने का दावा करते हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. जांच के बाद ही ठगी की कुल रकम और पीड़ितों की सही संख्या का पता चल सकेगा.
About the Author
मनीष कुमार इस समय न्यूज18 हिंदी में बिहार, झारखंड और दिल्ली की टीम को लीड कर रहे हैं. इन राज्यों की बड़ी खबरों से लेकर खास फीचर स्टोरी तक, उनकी नजर हर अहम मुद्दे पर रहती है. उनका मुख्य उद्देश्य है कि हर जरूरी ख…
और पढ़ें