![]()
धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र के सुगियाडीह मोड़ स्थित राजा तालाब के पास एक घर में चोरों ने बुजुर्ग दंपति की मौजूदगी में लाखों रुपए की चोरी कर ली। चोर घर में सो रहे राजेश महतो और उनकी पत्नी मंजू देवी को भनक तक नहीं लगने दी। अलमारी व बक्से में रखे करीब पांच लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर तथा 80 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। घटना के समय घर में बुजुर्ग दंपति ही मौजूद थे। उनका बेटा गौरव महतो बाहर रहकर काम करता है, जबकि बहू रक्षाबंधन के मौके पर अपने मायके गई हुई थी। परिजनों के अनुसार, चोरों ने इसी स्थिति का फायदा उठाकर देर रात घर को निशाना बनाया। बताया गया कि चोर दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर के कमरों को खंगाला और अलमारी तथा बक्से में रखे जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान बुजुर्ग दंपति घर के अंदर सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। चोरी के बाद बाहर से दरवाजे पर लगाई छिटकिनी परिजनों के अनुसार, चोरी करने के बाद चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से छिटकिनी लगा दी। इसका मकसद यह बताया जा रहा है कि बुजुर्ग दंपति तुरंत घर से बाहर नहीं निकल सकें और चोरों को भागने का पर्याप्त समय मिल जाए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए। सुबह जब घर में चोरी होने की जानकारी मिली तो परिजनों में हड़कंप मच गया। अलमारी और बक्से में सामान बिखरा पड़ा था तथा जेवर और नकदी गायब थे। इसके बाद परिजनों ने सरायढेला थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि आवेदन देने के बाद भी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर जांच के लिए नहीं पहुंची। पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने 112 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम घर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। गिरफ्तारी और सामान बरामद करने की मांग की घटना के बाद परिवार के लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल है। बेटे गौरव महतो ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने चोरी गए सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद करने की भी अपील की है। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि घर में बुजुर्ग दंपति के मौजूद रहने के बावजूद चोरों का दीवार फांदकर अंदर घुसना, आराम से कमरों को खंगालना और फिर दरवाजे पर बाहर से छिटकिनी लगाकर फरार हो जाना इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत बताई है।
Source link