![]()
भास्कर न्यूज|लोहरदगा अंजुमन इस्लामिया अदलिया कमेटी की बैठक रविवार को आयोजित हुई। जिसमें पारिवारिक विवाद, जमीन बंटवारा और सामाजिक मामलों से जुड़े चार मामलों की सुनवाई की गई। कमेटी ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनते हुए आपसी सहमति, सामाजिक सौहार्द और न्यायसंगत समाधान के आधार पर मामलों के निष्पादन का प्रयास किया। सुनवाई के दौरान दो मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि दो मामलों में विस्तृत सुनवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई। बैठक में पहला मामला हिरही बनाम कुडू के पति-पत्नी के पारिवारिक विवाद का था, जिसे दोनों पक्षों की सहमति से सुलझा लिया गया। दूसरा मामला किस्को बनाम लोहरदगा के जमीन विवाद से संबंधित था, जिसमें आगे की सुनवाई के लिए अगली तिथि तय की गई। तीसरा मामला पतरातू बनाम लोहरदगा के जमीन विवाद का रहा, जिसमें भी विस्तृत सुनवाई के िलए अगली तारीख निर्धारित की गई। वहीं चौथा मामला ओयना के एक युवक-युवती से जुड़े विवाद का था, जिसका निर्णय सुनाते हुए मामले का निष्पादन कर दिया गया। मौके पर अंजुमन इस्लामिया के सदर अब्दुल रउफ अंसारी ने कहा कि अदलिया कमिटी का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और न्यायपूर्ण व्यवस्था को मजबूत करना है। अब्दुल रउफ अंसारी ने कहा कि छोटे-छोटे विवाद यदि समय रहते बातचीत, समझदारी और आपसी सहमति से सुलझा लिए जाएं, तो परिवारों के साथ-साथ पूरे समाज में शांति और सद्भाव कायम रहता है। उन्होंने कहा कि अदलिया कमिटी लगातार पारिवारिक विवाद, जमीन बंटवारा और लेन-देन से जुड़े मामलों की निष्पक्ष सुनवाई कर न्यायपूर्ण समाधान का प्रयास कर रही है। उन्होंने सभी पक्षकारों से धैर्य, संयम और आपसी सम्मान बनाए रखते हुए विवादों को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने की अपील की। बैठक में नायब सदर आरिफ हुसैन बब्लू, मुजम्मिल अंसारी, यासीन कुरैशी, सेराज अंसारी, हैदर इमाम, ऑफिस सेक्रेटरी मौलवी अबुल कलाम तैगी, एनामुल अंसारी, मो. बब्बन, वसीम, असगर तैगी सहित अदलिया कमिटी के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
Source link