Last Updated:
Dogs Care Tips: डॉग पालते हैं तो उनकी सेहत से संबंधित ये जरूरी बात जान लें. कई बार चूहों से या गंदे पानी-खाने से उनमें एक खतरनाक बीमारी फैलती है जिसे लेप्टोस्पायरोसिस कहते हैं. इसमें उन्हें बुखार, नाक से खून आना, मसूड़ों में सूजन जैसी समस्या हो सकती है. डॉक्टर से जानें कि कैसे बचाव कर सकते हैं.
बोकारो. अक्सर दूषित भोजन, गंदा पानी और घरों में चूहों का अधिक प्रकोप होने के कारण कुत्तों में लेप्टोस्पायरोसिस जैसी गंभीर बीमारी फैल जाती है, जो पशु को गंभीर रूप से बीमार कर देती है और कई मामलों में उनकी मौत भी हो जाती है. ऐसे में बोकारो चास पेट क्लीनिक के पशु चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार ने लेप्टोस्पायरोसिस के बचाव और रोकथाम को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है.
इंसानों को भी कर सकती है बीमार
डॉ. अनिल के अनुसार, लेप्टोस्पायरोसिस बेहद खतरनाक बैक्टीरियल बीमारी है, जो न सिर्फ कुत्तों के लिए जानलेवा है, बल्कि इंसानों को भी बीमार कर सकती है. यह बीमारी लेप्टोस्पायरा नामक बैक्टीरिया से होती है, जिसका मुख्य कारण संक्रमित चूहे होते हैं. चूहे खाने के दौरान अपना मल और पेशाब भोजन में छोड़ देते हैं, जिससे यह गंभीर संक्रमण कुत्तों तक फैल जाता है. इसके अलावा कई बार जानवर बाहर घूमने के दौरान आसपास की मिट्टी या नाले का पानी सूंघ या चाट लेते हैं, जिससे यह संक्रमण तेजी से उनके शरीर में फैल जाता है और पशु गंभीर रूप से बीमार हो जाता है.
ये होते हैं लक्षण
वहीं, लेप्टोस्पायरोसिस से ग्रसित पशु की पहचान करना काफी आसान है. इस बीमारी से पीड़ित पशु खाना-पीना बंद कर देते हैं. उनमें तेज बुखार, पतले दस्त, मसूड़ों में सूजन, नाक से खून आना, उल्टी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण देखने को मिलते हैं. कई बार संक्रमण अधिक बढ़ने और इम्यूनिटी कमजोर होने के कारण पशु की किडनी फेल हो जाती है और उसकी मौत भी हो सकती है.
पशुपालक रखें सावधानी
ऐसे लक्षण दिखने पर पशुपालकों को तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क कर इलाज शुरू कराना चाहिए. इसके अलावा लेप्टोस्पायरोसिस से बचाव के लिए डॉग ओनर को कुछ सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है. हमेशा घर को साफ और सुरक्षित रखें. पशु के बैठने वाले स्थान की रोजाना अच्छी तरह सफाई करें. पशु की सुरक्षा के लिए समय पर वैक्सीन लगवाएं और उसे बाहर घुमाने के दौरान भी सावधानी जरूर बरतें. देखें कि वे कुछ भी ना खा लें या चाट लें.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें