![]()
पलामू के लेस्लीगंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने का मामला तूल पकड़ने लगा है। पोस्ट से नाराज पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता बुधवार को समर्थकों के साथ आरोपी सोनू सोनी के घर पहुंच गए। समर्थकों ने वहां नारेबाजी की। विधायक भी घर के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान सोनू सोनी के परिजनों और विधायक समर्थकों के बीच नोकझोंक हुई। विवाद बढ़ने की सूचना पर लेस्लीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति संभाली। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट करने का आरोप जानकारी के अनुसार, लेस्लीगंज निवासी सोनू सोनी के सोशल मीडिया अकाउंट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया गया था। पोस्ट की जानकारी मिलने पर विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। विधायक का कहना है कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इससे करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को मामले की जानकारी देने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी नाराजगी में वे समर्थकों के साथ आरोपी के घर पहुंचे। गिरफ्तारी नहीं हुई बंद रहेगा लेस्लीगंज विधायक ने आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर गुरुवार को लेस्लीगंज बंद कराने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। विधायक ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। उनके इस ऐलान के बाद इलाके में बंद और विरोध प्रदर्शन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वहीं, दूसरी ओर आरोपी के परिजनों ने विधायक और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इससे मामला अब दो पक्षों के बीच विवाद का रूप ले चुका है। विधायक समेत 50 लोगों पर मारपीट का आरोप सोनू सोनी की पत्नी ने लेस्लीगंज थाना में लिखित आवेदन दिया है। इसमें विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता समेत करीब 50 लोगों पर घर और दुकान में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पत्नी ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में विधायक की ओर से लगाए गए आरोप और महिला की शिकायत के बाद पुलिस दोनों पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है। लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link