Last Updated:
यदि आप किसी लग्जरी घड़ी के साथ विदेश यात्रा कर रहे हैं तो उसका बिल आप अपनी जेब में जरूर रख लीजिएगा. कहीं ऐसा ना हो कि यह घड़ी आपके लिए कोई बड़ी मुसीबत खड़ी कर दे और आपको सलाखों के पीछे पहुंचा दें. कुछ दिनों पहले दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर कुछ ऐसा ही हुआ है.
दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे एक पैसेंजर की उसकी पुरानी घड़ी मुसीबत का सबस बन गई.
Delhi IGI Airport News: अगर आपको लगता है कि एयरपोर्ट पर सिर्फ नई घड़ी पहन कर पहुंचने वाले पैसेंजर्स पर कस्टम के अफसरों की निगाहें रहती है, तो अपने मन की यह गलतफहमी पूरी तरह से निकाल दीजिए. अब आप पुरानी घड़ी पहनकर भी एयरपोर्ट जा रहे हैं और उसकी कीमत लाखों में हैं, तो उसका बिल अपने जेब ने जरूर रख लीजिएगा. कहीं ऐसा ना हो कि यह घड़ी आपके लिए मुसीबत का सबब बन जाए और आपको हवालात की सैर करा दें. जी हां, बीते दिनों दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (आईजीआई) एयरपोर्ट पर कुछ ऐसा ही हुआ है.
एडिशनल कमिश्नर ऑफ कस्टम (आईजीआई एयरपोर्ट) शंकर प्रसाद शर्मा के अनुसार, 11 नवंबर को स्पाइस जेट की दुबई से आने वाली फ्लाइट SG5106 से एक पैसेंजर आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल थ्री पर पहुंचा था. यह पैसेंजर मूल रूप से एक भारतीय नागरिक है. ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन के वैरिफिकेशन और बैगेज रिक्लेम तक सबकुछ ठीक रहा. लेकिन, जब यह पैसेंजर टर्मिनल से बाहर निकलने के लिए कस्टम के ग्रीन चैनल एरिया में पहुंचा तो उसे जांच के लिए रोक लिया गया. जांच के दौरान, कस्टम अफसरों ने पैसेंजर को डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) से निकलने के लिए कहा.
डीएफएमडी में दाखिल होते ही पलट गया खेल
उन्होंने बताया कि जैसे ही यह पैसेंजर डीएफएमडी से गुजरा तो एक स्ट्रांग बीप बजने लगी. जिसके बाद इस पैसेंजर को तलाशी के लिए रोक लिया गया. तलाशी के दौरान, इसके कब्जे से एक पॉकेट फिलिप एक्वानॉट ब्रांड की पुरानी और इस्तेमाल की गई लग्जरी घड़ी बरामद की गई. शुरू में लगा कि यह असली घड़ी की फस्ट कॉपी भी हो सकती है. लिहाजा, कस्टम ने चार्टर्ड इंजीनियर को जांच के लिए एयरपोर्ट पर बुला लिया. जांच के बाद, चार्टर्ड इंजीनियर ने साफ कर दिया कि घड़ी बिल्कुल असली है. जिसके बाद, मामले को रुख पूरी तरह से बदल गया.
घड़ी की वजह से सलाखों के पीछे पहुंचा पैसेंजर
कस्टम के अधिकारियों ने तुरंत इस पैसेंजर को हिरासत में ले लिया. जांच के दौरान, स्विट्जरलैंड में बनी इस घड़ी की बाजार कीमत करीब 94 लाख रुपए आंकी गई है. कस्टम ने इस मामले को लग्जरी वॉच की स्मगलिंग से जोड़ते हुए केस दर्ज किया है. साथ ही, इसे कस्टम एक्ट 1962 का उल्लंघन बताया है. कस्टम ने इस पैसेंजर के लिलाफ भारतीय कस्टम एक्ट 1962 की धारा 104 के तहत मामला दर्ज कर उसे अरेस्ट कर लिया है. मामले की जांच अभी जारी है.