धालभूमगढ़| थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुराने विवाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आई। मस्जिद के बाहर शुक्रवार की नमाज अदा करने के बाद कब्रिस्तान की ओर जा रहे व्यवसायी जावेद खान पर गांव के ही मताल उर्फ इस्ताक ने पीछे से किसी हथियार से हमला कर दिया। हमले में जावेद खान के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आनन-फानन में घायल जावेद खान को धालभूमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने चोटों की गंभीरता को देखते हुए एक्स-रे कराने की सलाह दी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हमले में जावेद की आंख और नाक में गंभीर चोट लगीं है। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से धालभूमगढ़ थाना में आवेदन दिया गया है। दोनों पक्षों ने मारपीट, जान से मारने की धमकी से संबंधित शिकायत की है। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्ष थाना में मौजूद थे। पुलिस मामले को लेकर पूछताछ कर रही थी। हालांकि, उस समय तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। पुराने विवाद को लेकर हुई इस घटना से इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हमले के पीछे की वजह क्या थी। यह भी स्पष्ट होगा कि घटना में किसकी क्या भूमिका रही।
Source link