![]()
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा का सोमवार तड़के 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थीं। उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर है। अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक संदेश साझा कर मां के निधन की जानकारी दी। उन्होंने मां को अपने जीवन का सबसे मजबूत सहारा बताते हुए कहा कि उनके जाने से सिर से ममता का साया उठ गया है। मां के रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगता था। उनके निधन को अर्जुन मुंडा ने जीवन की बड़ी क्षति बताया। परिवार की ओर से सोमवार को ही अंतिम संस्कार की तैयारी की गयी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर एक बजे जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित आवास से उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी। अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया पर साझा किया भावुक संदेश मां के निधन की जानकारी देते हुए अर्जुन मुंडा ने एक्स पर लिखा, ”मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का वो सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।” अपने संदेश में उन्होंने मां के स्नेह और जीवन में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि मां का साथ उनके लिए हमेशा सबसे बड़ी ताकत रहा। उनके निधन से परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। जानकारी के अनुसार, शायरा मुंडा लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। निधन से दो दिन पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी अर्जुन मुंडा को फोन कर उनकी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। दोपहर एक बजे घोड़ाबांधा आवास से निकलेगी अंतिम यात्रा परिवार की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार, सोमवार 23 नवंबर को दोपहर एक बजे शायरा मुंडा की अंतिम यात्रा जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास से निकलेगी। अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को आवास पर रखा जाएगा। इसके बाद अंतिम यात्रा स्वर्णरेखा बर्निंग घाट, भुइयांडीह पहुंचेगी। जहां उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा। उनके निधन की खबर मिलने के बाद परिवार के सदस्यों, परिचितों और शुभचिंतकों में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में लोगों के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक शायरा मुंडा के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संदेश जारी कर अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के प्रति संवेदना जतायी। मुख्यमंत्री ने लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का निधन जीवन की अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घड़ी में अर्जुन मुंडा और उनके समस्त परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने मारांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
Source link