पलामू: पेट्रोल की बढ़ती कीमत और महंगाई के बीच इलेक्ट्रिक स्कूटी लोगों के लिए किफायती विकल्प बनती जा रही है. खासकर मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवार अब पेट्रोल के खर्च से बचने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख कर रहे हैं. ऐसे में पलामू में भी कम कीमत पर इलेक्ट्रिक स्कूटी उपलब्ध कराई जा रही है, जिसकी शुरुआती कीमत महज 45,500 रुपये है. इसकी खासियत यह है कि कुछ मॉडल ऐसे हैं, जिन्हें चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होती है.
कम कीमत में बेहतर विकल्प
यहां के दुकान संचालक राजेश कुमार ने लोकल 18 को बताया कि पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और महंगाई को देखते हुए इलेक्ट्रिक स्कूटी की मांग लगातार बढ़ रही है. इसी को ध्यान में रखते हुए ग्राहकों को कम कीमत में स्कूटी उपलब्ध कराई जा रही है. इसकी शुरुआती कीमत 45,500 रुपये रखी गई है, ताकि मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवार भी आसानी से इसे खरीद सकें. कम बजट में रोजाना बाजार जाने, छोटे-मोटे काम निपटाने और आसपास आने-जाने के लिए यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है.
एक बार चार्ज करने पर चलेगी 60 किलोमीटर
राजेश कुमार ने कहा कि यहां मिलने वाली सिंगल लाइट इलेक्ट्रिक स्कूटी में 5 बैटरियां लगाई जाती हैं. इसमें 34 एम्पियर की बैटरी दी जाती है. कंपनी और मॉडल के अनुसार इसकी क्षमता में अंतर हो सकता है, लेकिन संबंधित मॉडल एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 50 से 60 किलोमीटर तक चल सकता है. ऐसे में रोजाना कम दूरी तय करने वाले लोगों के लिए यह काफी सुविधाजनक साबित हो सकती है. इसे घर पर चार्ज करके भी इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे पेट्रोल पंप जाने की जरूरत नहीं पड़ती.
बिना लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन की सुविधा
इस स्कूटी की एक और खासियत इसका नॉन-रजिस्ट्रेशन मॉडल होना है. राजेश कुमार ने बताया कि निर्धारित तकनीकी मानकों को पूरा करने वाले कम गति के इलेक्ट्रिक स्कूटरों को चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होती है. उन्होंने ग्राहकों को सुरक्षा के लिहाज से हेलमेट पहनकर ही स्कूटी चला सकते है.
पेट्रोल के खर्च की होगी पूरी बचत
राजेश कुमार ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति रोजाना पेट्रोल पर करीब 100 रुपये खर्च करता है तो महीने में लगभग 3 हजार और सालभर में 36 हजार रुपये खर्च हो जाते हैं. इलेक्ट्रिक स्कूटी इस्तेमाल करने से इस खर्च में काफी कमी आ सकती है.
दो साल बाद बैटरी बदलने का विकल्प
बैटरी की लाइफ को लेकर उन्होंने बताया कि सामान्य बैटरी को जरूरत पड़ने पर करीब दो साल बाद बदलवाया जा सकता है. इसके लिए लगभग 15 से 17 हजार रुपये तक खर्च आ सकता है. वहीं, लिथियम बैटरी वाले मॉडल में 2 प्लस 1 साल की गारंटी दी जा रही है. ऐसे में ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार बैटरी का विकल्प चुन सकते हैं.