![]()
चाईबासा| लगातार हो रही बारिश के बीच कम तापमान और अधिक नमी के कारण चाईबासा शहर के अधिकतर पेट्रोल पंपों से पेट्रोल के साथ पानी आने की शिकायतें सामने आ रही हैं। वाहन चालकों ने बताया कि पेट्रोल भरवाने के बाद गाड़ियों में झटके लगने, इंजन बंद होने, माइलेज घटने जैसी समस्याएं आ रही हैं। उपभोक्ताओं ने पेट्रोल पंप संचालकों से इसकी शिकायत की। फेसबुक पर भी इस तरह के मामले वायरल होने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित तेल कंपनी के अधिकारियों ने शहर के कई पेट्रोल पंपों की जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि तापमान में गिरावट और हवा में नमी बढ़ने के कारण पेट्रोल में मिलाया गया एथेनॉल अलग होने लगा है। अधिकारियों के अनुसार सामान्य तापमान में एथेनॉल पेट्रोल में पूरी तरह घुला रहता है। तापमान कम होने पर, वातावरण में नमी अधिक होने पर, एथेनॉल पेट्रोल से अलग होकर नीचे बैठ जाता है। उसके साथ नमी भी पानी के रूप में जमा हो जाती है। इसी कारण पंपों से निकलने वाले पेट्रोल में पानी जैसा पदार्थ दिखाई दे रहा है। कंपनी अधिकारियों ने कहा कि यह कोई मिलावट नहीं है। यह मौसम के कारण होने वाली एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। उन्होंने पंप संचालकों को टैंकों की नियमित सफाई करने, नमी से बचाव के उपाय करने के निर्देश दिए हैं। वहीं पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने बताया कि प्रत्येक दिन सुबह ईंधन चेक किया जाता है। जांच के दौरान पानी मिलने पर उसे अलग किया जाता है। इसके बाद ही वाहनों में ईंधन भरा जाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पेट्रोल पंपों की नियमित जांच की जाए। जिससे आम लोगों को राहत मिल सके। चाईबासा के एक पेट्रोल पंप में चेंबर की सफाई करता मजदूर।
Source link