![]()
दुमका| दुमका प्रांतीय यादव महासभा, झारखंड की जिला इकाई दुमका के तत्वावधान में शनिवार को महासभा कार्यालय, कानू पाड़ा में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले यादव समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के जिलाध्यक्ष शिवनारायण दर्बे ने की, जबकि संयोजन जिला महासचिव डॉ. अमरेन्द्र कुमार यादव ने किया। मुख्य अतिथि खिरोधर प्रसाद यादव ने कहा कि शिक्षा ही समाज की वास्तविक पूंजी है और शिक्षित समाज ही सशक्त समाज का निर्माण करता है। अतिविशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. यदुवंश यादव ने कहा कि प्रतिभा का सम्मान किसी भी समाज के उज्ज्वल भविष्य का आधार होता है और ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करते हैं। विशिष्ट अतिथि अश्विनी प्रसाद यादव ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही सामाजिक, आर्थिक एवं बौद्धिक विकास संभव है तथा अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। महासभा के संरक्षक दिवाकर महतो, अनंतलाल खिरहर, मणिकांत लायक, अनंतलाल पंजियारा एवं दयामय माजी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। शिवनारायण दर्बे ने कहा कि महासभा भविष्य में भी शिक्षा एवं प्रतिभा सम्मान जरिए समाज को जागरूक बनाती रहेगी।
Source link