![]()
देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में अब श्रद्धालु पूरे साल अर्घा के माध्यम से भी जलार्पण कर सकेंगे। मंदिर परिसर के बाहर स्थायी अर्घा स्थापित किया जाएगा, जहां चढ़ाया गया जल सीधे बाबा तक पहुंचेगा। इससे बुजुर्ग और अस्वस्थ श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। शुक्रवार को समाहरणालय में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में अधिकारियों, तीर्थ पुरोहितों और प्रबुद्धजनों ने प्रस्ताव पर सहमति जताई। साथ ही सुरक्षा कारणों से बाबा मंदिर के गर्भगृह में मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का भी फैसला लिया गया। बैठक में एसपी प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष सिन्हा, एसडीएम रवि कुमार और सरदार पंडा मौजूद थे। बैठक: श्रावणी मेले की तैयारियों की हुई समीक्षा बैठक में श्रावणी मेले की तैयारियों की समीक्षा की गई। भीड़ नियंत्रण, शीघ्र दर्शन व्यवस्था, वीआईपी पूजा प्रबंधन, नए फुटओवर ब्रिज के निर्माण और क्लॉक रूम की स्थापना सहित विभिन्न बिंदुओं पर सुझाव लिए गए। डीसी ने अधिकारियों को सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Source link