![]()
भास्कर न्यूज|लोहरदगा जय श्रीराम समिति की बैठक शनिवार को हटिया गार्डन स्थित जिला कार्यालय में परमेश्वर साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई व 10 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य बाइक कांवरयात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए परमेश्वर साहू ने कहा कि लोहरदगा में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने आम लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि एक से डेढ़ घंटे के भीतर तीन-तीन आपराधिक घटनाओं का होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि आज नागरिकों ने स्वेच्छा से संपूर्ण लोहरदगा बंद रखकर अपराध के खिलाफ अपना समर्थन और आक्रोश व्यक्त किया, जिसके लिए समिति सभी नागरिकों का आभार प्रकट करती है। उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन अपराध पर तत्काल अंकुश लगाए व अपराधियों पर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। कोर कमेटी सदस्य शैलेश कुमार कुशवाहा ने कहा कि जय श्रीराम समिति द्वारा 10 अगस्त को सावन माह के अवसर पर आयोजित की जा रही भव्य बाइक कांवरयात्रा को ऐतिहासिक व सफल बनाने के लिए बैठक में विस्तृत रणनीति तैयार की गई। उन्होंने सभी जिला, प्रखंड एवं नगर पदाधिकारियों से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने व कार्यक्रम की तैयारियों को समय पर पूरा करने का आह्वान किया। बैठक के अंत में सुमन साहू की निर्मम हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। समिति के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मौके पर जिला संरक्षक परमेश्वर साहू, सुषमा सिंह, लक्ष्मी नारायण भगत, शैलेश कुमार कुशवाहा, अजय सोनी, अनूप गुप्ता, ओम महतो, बजरंग करवा, अनुज कुमार, विक्की कसेरा, रामकुमार साहू, महिला अध्यक्ष इंदिरा प्रधान, पूर्णिमा वर्मा, जान्हवी गोयल, उदय महतो, गणेश साहू, गुड्डू साहू, बुद्धेश्वर उरांव, आदित्य कुमार साहू समेत प्रखंड पदाधिकारी, नगर पदाधिकारी व समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Source link