![]()
भास्कर न्यूज | लातेहार लातेहार शहरवासियों को इस वर्ष बरसात के दिनों में सड़कों पर होने वाले जलजमाव और गंदगी से मुक्ति मिलेगी। इसके लिए नगर पंचायत विभाग ने मानसून से पहले ही बारिश के दिनों में होने वाले जलजमाव और गंदगी से निजात दिलाने के लिए नालियों की विशेष सफाई अभियान का आगाज कर दिया है। इस सकारात्मक पहल का उद्देश्य न केवल शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना है, बल्कि बरसात के मौसम में संभावित बीमारियों पर भी अंकुश लगाना है। इस अभियान की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पहले उन इलाकों को प्राथमिकता दी है, जो पिछले वर्षों में हॉटस्पॉट रहे हैं, यानी जहां हल्की बारिश में ही जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती थी। विभाग का मानना है कि यदि संवेदनशील स्थानों पर बनी नालियों के जल निकासी का मार्ग पहले साफ कर दिया जाए, तो पूरे शहर की स्वच्छता बनाए रखना आसान होगा। लातेहार शहरी क्षेत्र में 15 वार्ड हैं। विभाग द्वारा बताया गया कि शहरी क्षेत्र में लगभग 13 किलोमीटर लंबी नालियों का जाल बिछा हुआ है। नालियों के इतने लंबे नेटवर्क की सफाई एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। पहले फेज में 20 सफाई कर्मियों की पांच विशेष टीमें बनाई गई है, जो आधुनिक मशीनों से नालियों के भीतर जमा गाद, मिट्टी और प्लास्टिक के कचरे को बाहर निकालेगी, ताकि ड्रेनेज सिस्टम अपनी पूरी क्षमता के साथ काम कर सके। इससे बरसात से पूर्व लोगों को आवागमन में सहूलियत मिल जाए। ^इस अभियान में विभाग के कर्मियों के साथ आम नागरिकों के सहयोग की जरूरत है। यदि नगरवासी नालियों में कचरा या सिंगल-यूज प्लास्टिक न फेंकने का संकल्प लें, तो यह व्यवस्था स्थाई रूप से सुदृढ़ बनी रहेगी। -ज्या लक्ष्मी भगत, नगर प्रबंधक (स्वच्छता) लातेहार।
Source link