पत्थलगडा | प्रखंड मुख्यालय की पत्थलगडा बस्ती में अधूरी सड़क लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। जमीनी विवाद के कारण बीच बस्ती में करीब 22 से 25 फीट सड़क का निर्माण कार्य रुक जाने से वहां एक बड़ा और गहरा गड्ढा बन गया है। बारिश में इस गड्ढे में पानी भर जाने से यह जानलेवा साबित हो रहा है। राहगीर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं जबकि छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गुंजरी गेट से रेवा पुल तक ग्रामीण विकास विभाग की ओर से पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया। सड़क का अधिकांश हिस्सा बनकर तैयार हो गया लेकिन विशेश्वर दांगी के घर के सामने जमीनी विवाद के कारण लगभग 22-25 फीट हिस्से का निर्माण रोक दिया गया। सड़क की ढलाई के लिए पुरानी सड़क को खोद दिया गया था लेकिन कार्य बंद होने से वहां बड़ा गड्ढा बन गया। जिसमें बारिश का पानी जमा रहता है। यह स्थान तीन दिशाओं का प्रमुख संपर्क बिंदु है।
Source link