भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

बाबाधाम जाने वाले श्रद्धालुओं लिए बड़ी खुशखबरी, रेलवे ने चलाई श्रावणी मेला...


पटना: श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ धाम और बिहार के धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष तैयारी की है. यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हावड़ा और नटेसर के बीच श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. यह ट्रेन आसनसोल, जसीडीह, झाझा, किउल, शेखपुरा, अस्थावां, बिहार शरीफ और राजगीर होते हुए नटेसर तक जाएगी. इससे पश्चिम बंगाल और बिहार के श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी.

श्रावणी मेला स्पेशल का संचालन
रेलवे के अनुसार, 03001/03002 हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल का संचालन श्रावणी मेले के दौरान किया जाएगा. इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 18 कोच लगाए जाएंगे. इनमें एक थर्ड एसी, सात स्लीपर, आठ सामान्य श्रेणी और दो एसएलआर कोच शामिल होंगे, ताकि अधिक से अधिक यात्री सफर कर सकें.

कहां से कहां तक जाएगी
03001 हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन 5 जुलाई 2026 से 29 सितंबर 2026 तक किया जाएगा. यह ट्रेन हर रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को रात 11:50 बजे हावड़ा से रवाना होगी. अगले दिन सुबह 5:10 बजे जसीडीह, 8:10 बजे किउल, 8:45 बजे शेखपुरा, 9:25 बजे अस्थावां, 9:50 बजे बिहार शरीफ, 10:40 बजे नालंदा और 11:05 बजे राजगीर पहुंचने के बाद दोपहर 12:00 बजे नटेसर पहुंचेगी.

वापसी के ट्रेन का रूट क्या होगा
वहीं, वापसी में 03002 नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल का संचालन 6 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक होगा. यह ट्रेन हर सोमवार, बुधवार और शनिवार को दोपहर 1:00 बजे नटेसर से खुलेगी. इसके बाद 1:20 बजे राजगीर, 1:43 बजे नालंदा, 2:05 बजे बिहार शरीफ, 2:55 बजे अस्थावां, 4:03 बजे शेखपुरा, 5:10 बजे किउल और 8:25 बजे जसीडीह पहुंचते हुए अगले दिन सुबह 4:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी.

नियमित ट्रेनों पर अधिक भीड़ नहीं
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि श्रावणी मेले के दौरान हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम और आसपास के धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है. इससे यात्रियों को नियमित ट्रेनों पर अधिक भीड़ का सामना नहीं करना पड़ेगा.

यात्रा पहले से अधिक आरामदायक
इस स्पेशल ट्रेन के शुरू होने से हावड़ा, आसनसोल, जसीडीह, किउल, शेखपुरा, बिहार शरीफ, राजगीर और नटेसर के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी. रेलवे को उम्मीद है कि इस विशेष ट्रेन से श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों की यात्रा पहले से अधिक आसान और आरामदायक होगी.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top