![]()
भास्कर न्यूज | कथारा जारंगडीह की 16 नंबर कॉलोनी में लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली का खंभा गिरने से अफरा-तफरी मच गई। घटना शिव मंदिर के समीप हुई। खंभा गिरते ही बिजली के तारों से चिंगारी निकलने लगी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मौके पर मौजूद युवक रंजीत यादव अहिर ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल बिजली आपूर्ति बंद करवाई। उनकी सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही थी। बारिश के कारण जमीन की मिट्टी नरम हो गई थी। वहीं, खंभे की जर्जर स्थिति के कारण वह अपना भार नहीं संभाल सका और गिर पड़ा। लोगों का कहना है कि खंभे की हालत पहले से ही खराब थी। इसे बदलने की मांग भी की गई थी, लेकिन संबंधित विभाग ने इस पर ध्यान नहीं दिया। शिव मंदिर के आसपास दिनभर लोगों की आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में बिजली के तारों सहित खंभा गिरने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कॉलोनीवासियों ने सीसीएल प्रबंधन से क्षेत्र के सभी बिजली खंभों का निरीक्षण कराने और जर्जर खंभों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने की मांग की है।
Source link