![]()
बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के पिलपिलो मोड़ के समीप बुधवार को बिजली पोल लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चालक मनोज मुर्मू घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट स्थित कंजकीरो गांव में झारखंड सरकार के बिजली विभाग की ओर से बिजली पोल लगाने का कार्य चल रहा है। इसके लिए फुसरो पावर सबस्टेशन से ट्रैक्टर पर बिजली पोल लादकर कंजकीरो ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पिलपिलो और बोकारो थर्मल के बीच मुख्य सड़क पर ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में अंगवाली निवासी मेहीलाल मुर्मू का 22 वर्षीय पुत्र विनय मुर्मू पोल के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बाद में उसे बोकारो थर्मल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर पर चालक समेत चार मजदूर सवार थे। मृतक विनय मुर्मू दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह करीब एक माह से शिव कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत था। पुलिस ने शव और ट्रैक्टर को कब्जे में लिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर ले जाती पुलिस व इनसेट में मृतक।
Source link