![]()
भास्कर न्यूज | गिरिडीह लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज और अनियमित विद्युत आपूर्ति से परेशान मकतपुर के सतगलिया और आसपास की गलियों के लोगों का आक्रोश बुधवार को फूट पड़ा। नाराज स्थानीय लोगों ने मकतपुर चौक को जाम कर बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कभी घंटों बिजली गुल रहती है तो कभी अत्यधिक वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो जाती है। लोगों का कहना है कि बार-बार हाई वोल्टेज आने के कारण कई घरों के विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए हैं। टीवी, फ्रिज, पंखे और अन्य घरेलू उपकरण जल जाने से उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि कई बार अधिकारियों को फोन किया गया, लेकिन अधिकांश समय फोन तक रिसीव नहीं किया गया। आक्रोशित लोगों ने कहा कि लगातार उपेक्षा के कारण उन्हें मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ा। उनका कहना है कि जब तक बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं होगा और क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर अथवा तकनीकी खराबी को दूर नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इधर, जाम के कारण मकतपुर चौक और आसपास के मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। तत्काल सुधार और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Source link