![]()
पलामू व बिहार के सीमावर्ती इलाकों में वर्षों से आतंक का पर्याय था 13 लाख का इनामी माओवादी जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ गोदराम। झारखंड पुलिस की सूचना पर मुंबई एटीएस ने उसकी गिरफ्तारी की है। पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन गांव का रहने वाला यह कुख्यात नक्सली दोनों राज्यों के लगभग 14 थानों में दर्ज 53 गंभीर मामलों में लंबे समय से वांछित था। झारखंड सरकार ने इस पर 10 लाख और बिहार सरकार ने 3 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। गिरफ्तारी के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस की विशेष टीम उससे संगठन के वित्तीय स्रोतों, लेवी नेटवर्क और जंगलों में छिपाए गए हथियारों के डंप के बारे में गहन पूछताछ करने में जुटी हुई हैं। अब पुलिस उसके सभी नेटवर्क को खंगाल रही है। हत्या, लेवी व आगजनी का सिंडिकेट चला रहा था संजय यादव के खिलाफ दर्ज मामलों की फेहरिस्त बेहद लंबी है। उसने पलामू, औरंगाबाद और गया में लंबे समय तक समानांतर सरकार चलाने की कोशिश की। पलामू (23 कांड): छतरपुर थाने में 7, हरिहरगंज व पिपरा में 4-4, पांडू में 3, हुसैनाबाद में 2, विश्रामपुर, उटारी रोड और हैदरनगर में 1-1 केस दर्ज हैं। औरंगाबाद (20 कांड): मदनपुर थाने में सर्वाधिक 15, देव में 3, ढिबरा और टंडवा में 1-1 मामले दर्ज हैं। गया (10 कांड): डुमरिया में 3, आमस व लुटुआ में 2-2, इमामगंज, रोशनगंज और छकरबंधा में 1-1 केस दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, ये सभी मामले विकास योजनाओं में लेवी (रंगदारी) वसूली, ठेकेदारों पर हमला, हत्या, सुरक्षा बलों पर फायरिंग, वाहनों में आगजनी और लूटपाट से जुड़े हैं। 2019 के चुनाव में बीजेपी दफ्तर ब्लास्ट कर उड़ाया था संजय यादव ने 2019 के चुनावों के दौरान पलामू इलाके में बड़ी हिंसक वारदातों को अंजाम दिया था। लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान 25 अप्रैल 2019 की रात पलामू के हरिहरगंज बाजार स्थित हीरा कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर चल रहे भाजपा के मुख्य चुनाव कार्यालय को उसने बम विस्फोट कर उड़ा दिया था। मौके पर चुनाव बहिष्कार के पर्चे फेंके गए थे। उसी रात तुरी गांव के पास बटाने नदी पुल निर्माण स्थल पर हमला कर जेनरेटर, मिक्सर मशीन और दो शेड फूंक दिए थे तथा कर्मियों के मोबाइल लूट लिए थे। विधानसभा चुनाव 2019 के दौरान पलामू के पिपरा थाना क्षेत्र में अंधाधुंध फायरिंग कर झामुमो के तत्कालीन प्रखंड अध्यक्ष मोहन कुमार गुप्ता और सूरज कुमार सोनी की सरेआम हत्या कर दी थी। इस हमले में राजकुमार सोनी व गुड्डन कुमार सोनी गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हुए थे। 27 मई 2025 को पांडू थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में संजय यादव के दस्ते का सक्रिय माओवादी तुलसी भुइयां मारा गया था, जिसके बाद से ही सुरक्षा बल इसकी टोह में लगातार लगे हुए थे।
Source link