![]()
भास्कर न्यूज | गढ़वा बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय (बीडीएसयू), गढ़वा की ओर से मेधावी व आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित बीडीएसयू छात्रवृत्ति परीक्षा 2026 का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न व्यावसायिक और स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी शामिल हुए। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए 500 से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा का आयोजन सूचना प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी, डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग, बीएससी एमएलटी, डी. फार्म, एलएलबी तथा आईटीआई सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए किया गया। परीक्षा दो स्तरों पर आयोजित की गई। पहला स्तर दसवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए था, जो डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग एवं आईटीआई पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेना चाहते हैं, जबकि दूसरा स्तर बारहवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए रखा गया, जो स्नातक एवं अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक हैं। छात्रवृत्ति योजना के तहत दसवीं एवं बारहवीं स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा में प्राप्त अंकों के प्रतिशत के बराबर ट्यूशन शुल्क में छूट दी जाएगी। उदाहरण के तौर पर यदि किसी विद्यार्थी को 85 प्रतिशत अंक प्राप्त होते हैं, तो उसे 85 प्रतिशत ट्यूशन फीस में रियायत मिलेगी। इसके अतिरिक्त अन्य सभी पात्र अभ्यर्थियों को भी ट्यूशन शुल्क में पांच प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। हालांकि यह सुविधा डेंटल, होम्योपैथिक एवं बी.फार्म पाठ्यक्रमों पर लागू नहीं होगी। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति दिनेश प्रसाद सिंह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस छात्रवृत्ति परीक्षा का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी योग्यता के आधार पर प्रोत्साहित करना तथा आर्थिक सहयोग प्रदान करना है, ताकि संसाधनों के अभाव में कोई भी योग्य छात्र उच्च शिक्षा से वंचित न रहे। कुलपति प्रो. एम. के. सिंह ने परीक्षा के सफल आयोजन पर विश्वविद्यालय प्रशासन, पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन योजनाओं को नियमित रूप से संचालित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। परीक्षा के सफल संचालन में डीन छात्र कल्याण डॉ. अरविंद कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. लालन कुमार, कुलसचिव डॉ. गोकुल आचार्य, डॉ. सुनीता गुप्ता, डॉ. एस. वाई. राजन, सुभाष कुमार, राकेश प्रसाद सिंह, प्रवेश प्रभारी सुबोध कुमार शर्मा सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, महाविद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, व कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Source link