Last Updated:
बोकारो के चिराचास में एक घर के अंदर हड़कंप मच गया. कमरे में बेड के नीचे से अजीब आवाजें आ रही थीं. मोबाइल फ्लैश चमकाने पर परिवार को मगरमच्छ जैसा खूंखार जीव दिखा. सब दहशत में आ गए. तुरंत वन विभाग को बुलाया गया. टीम ने भारी मशक्कत के बाद इस रहस्यमयी जीव का रेस्क्यू किया.
बोकारोः बोकारो के चास प्रखंड स्थित चिराचास में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के बेड के नीचे करीब 2 फीट लंबा मॉनिटर लिजर्ड (गोह) छिपा मिला. शुरुआत में परिवार के लोगों को लगा कि कहीं मगरमच्छ का बच्चा तो घर में नहीं घुस आया लेकिन वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति स्पष्ट की और गोह का सुरक्षित रेस्क्यू किया.
चिराचास निवासी सुनील महतो ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे उनका बेटा शिवम कमरे में गया. तभी उसे बेड के नीचे से किसी जानवर के हिलने-डुलने की आवाज सुनाई दी. उसने मोबाइल की फ्लैश जलाकर देखा तो एक बड़ा और अजीब जीव नजर आया. उसे देखकर वह घबरा गया और तुरंत अपने पिता को कॉल किया. परिवार के लोगों को पहले लगा कि यह मगरमच्छ का बच्चा हो सकता है, लेकिन बाद में पता चला कि वह मॉनिटर लिजर्ड यानी गोह है. इसके बाद परिवार ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी.
वन विभाग के फॉरेस्टर शशिकांत महतो ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि घर में कोई अजीब जानवर घुस गया है. टीम जब मौके पर पहुंची तो कमरे में छिपा हुआ गोह मिला. काफी सावधानी के साथ उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और उसे अब सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा.
क्या होता है गोह?
फॉरेस्टर शशिकांत ने जानकारी देते हुए हए बताया कि गोह (मॉनिटर लिजर्ड) बड़ी आकार की छिपकली होती है, जो भारत के जंगलों, खेतों और झाड़ी वाले इलाकों में पाई जाती है. यह चूहे, छोटे सांप, कीड़े-मकोड़े, पक्षियों और उनके अंडे खाती है. जिससे खेतों और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है और यह जानवर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की Schedule 1 के तहत संरक्षित है.
गोह को लेकर लोगों में है बड़ी गलतफहमी
शशिकांत ने आगे बताया कि आम लोगों में गोह को लेकर कई तरह की भ्रांतियां हैं. बहुत से लोग इसे जहरीला समझते हैं, जबकि यह विषैला नहीं होते और उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं गोह दिखाई दे तो उसे नुकसान न पहुंचाएं, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें. मानसून के दौरान अपने घर में साफ सफाई रखें क्योंकि कभी कभार यह चूहे खाने के लिए घरों तक पहुंच जाते हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.