भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

बैंकों में 18000 करोड़ जमा फिर भी तिरुपति और इन मंदिरों में...


होमफोटोदेश

बैंकों में 18000 करोड़ फिर भी तिरुपति समेत इन मंदिरों में क्यों चढ़ता है सोना?

Last Updated:

तिरुपति बालाजी मंदिर में एक भक्त ने 121 किलो सोने के आभूषण चढ़ाए हैं. इनकी कीमत करीब 160 करोड़ रुपए बताई जा रही है. लेकिन क्या आपको पता है कि तिरुपति के बैंक खातों में पहले से करीब 18,817 करोड़ रुपए जमा हैं और मंदिर के पास 11 हजार किलो से ज्यादा सोना है? फिर भी यहां सोने का चढ़ावा क्यों नहीं रुकता? सिर्फ तिरुपति ही नहीं बल्कि शिरडी साईं बाबा मंदिर, गुरुवायुर, माता वैष्णो देवी और सिद्धिविनायक जैसे मंदिरों में भी सोना-चांदी बरसता है. जानिए इन मंदिरों के खजाने में कितना सोना है और भक्त क्यों करते हैं इतना बड़ा दान. (सभी फोटो X/@TTDevasthanams)

तिरुपति बालाजी के दरबार में सोने का ऐसा चढ़ावा पहुंचा है जिसे देखकर अच्छे-अच्छों की आंखें खुली रह जाएं. एक भक्त ने भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलो सोने के आभूषण भेंट किए हैं. इनकी कीमत करीब 160 करोड़ रुपए बताई जा रही है. दिलचस्प बात यह है कि तिरुपति अकेला ऐसा मंदिर नहीं है जहां भक्तों की श्रद्धा सोने के रूप में बरसती है. देश के कई बड़े मंदिरों के पास सोने का इतना बड़ा खजाना है कि उसकी कीमत का अंदाजा लगाना भी मुश्किल है. तिरुपति के बैंक खातों में ही करीब 18,817 करोड़ रुपए जमा हैं. इसके बावजूद यहां सोना चढ़ाने की परंपरा लगातार जारी है. आखिर जब मंदिरों के पास पहले से हजारों करोड़ की संपत्ति और सोने का भंडार है तो भक्त इतना कीमती चढ़ावा क्यों देते हैं? इस पूरी कहानी में आस्था के साथ परंपरा और मंदिरों की व्यवस्था का भी दिलचस्प पहलू छिपा है.

तिरुपति बालाजी को 121 किलो सोने के आभूषण भेंट करने वाले कारोबारी चेन्नई के वर्धमान जैन हैं. उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर के लिए खास तौर पर इन गहनों को तैयार करवाया था. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में इन आभूषणों को तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम यानी टीटीडी को सौंपा गया. करीब 15 महीने तक चेन्नई की एक ज्वैलरी फर्म ने इन्हें तैयार किया. इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच सोने की इस खेप को तिरुमाला पहुंचाया गया. कुल 45 आभूषणों को नौ सेट में तैयार किया गया है. इनमें सोने का मुकुट यानी किरीटम, कमल के आकार के पद्म पादालु, कंधों के लिए भुजकीर्तुलु और कमरबंद यानी वड्डानम शामिल हैं. शंख और चक्र के आकार के आभूषणों के साथ भगवान के हाथों के लिए अभय हस्तालु भी बनाए गए हैं. इनसे भगवान वेंकटेश्वर का विशेष श्रृंगार किया जाना है.

वर्धमान जैन चेन्नई के कारोबारी हैं और एक्सेस हेल्थकेयर के संस्थापक एवं वाइस चेयरमैन हैं. साल 2025 में उन्होंने अपनी कंपनी की 70 फीसदी हिस्सेदारी करीब 2 अरब डॉलर में बेची थी. इस सौदे से उन्हें छह हजार करोड़ रुपए से ज्यादा मिलने की बात कही गई थी. वर्धमान जैन ने अपनी कारोबारी सफलता का श्रेय भगवान वेंकटेश्वर के आशीर्वाद को दिया है. बताया जाता है कि तिरुपति में भगवान का रोजाना करीब 120 किलो सोने के आभूषणों से श्रृंगार किया जाता है. इसी के बराबर आभूषण भेंट करने की इच्छा के साथ उन्होंने 121 किलो सोने का यह चढ़ावा तैयार करवाया. मंदिर प्रशासन के लिए यह दान इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें भगवान के पूरे श्रृंगार के लिए अलग-अलग आभूषण शामिल हैं. यह सिर्फ सोने का एक बड़ा टुकड़ा या मुकुट नहीं बल्कि पूरी श्रृंगार सामग्री है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

अब बात उस मंदिर की जहां सोने का खजाना किसी बैंक के बड़े रिजर्व जैसा नजर आता है. तिरुपति बालाजी मंदिर के पास करीब 11 हजार किलो से ज्यादा सोना होने का अनुमान है. मंदिर के बैंक खातों में करीब 18,817 करोड़ रुपए जमा हैं. हर साल भक्तों की ओर से करीब 1,880 करोड़ रुपए का दान और चढ़ावा आने का अनुमान है. यहां भक्त नकद के अलावा सोना-चांदी और कीमती आभूषण भी अर्पित करते हैं. मंदिर प्रशासन सोने को सुरक्षित रखने के लिए उसका एक हिस्सा बैंकों में जमा करता है. इससे सुरक्षा के साथ ब्याज के रूप में आमदनी भी होती है. यही वजह है कि मंदिर के पास सोने और नकदी का बड़ा भंडार होने के बावजूद भक्तों के चढ़ावे का सिलसिला नहीं थमता. उनके लिए यह सिर्फ धन देने का मामला नहीं बल्कि भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा और मनोकामना व्यक्त करने का तरीका है.

महाराष्ट्र के शिरडी में साईं बाबा के दरबार में भी भक्तों की श्रद्धा सोने और चांदी के रूप में दिखाई देती है. यहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु नकद चढ़ावे के साथ मुकुट और दूसरे कीमती आभूषण भेंट करते हैं. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक शिरडी साईं बाबा मंदिर के पास करीब 549 किलो सोना है. मंदिर के बैंक खातों में करीब 3,618 करोड़ रुपए जमा हैं और सालाना चढ़ावा लगभग 660 करोड़ रुपए बताया जाता है. केरल के गुरुवायुर मंदिर में भी भगवान कृष्ण के लिए सोने के मुकुट और आभूषण चढ़ाए जाते हैं. इस मंदिर के पास करीब 1,085 किलो सोना होने का अनुमान है. वहीं बैंक खातों में करीब 2,053 करोड़ रुपए जमा हैं. इन दोनों मंदिरों में भी भक्तों की ओर से मिलने वाले चढ़ावे को सुरक्षित रखने और उसका उचित प्रबंधन करने की व्यवस्था है.

जम्मू-कश्मीर के माता वैष्णो देवी मंदिर में हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. यहां भी भक्त अपनी श्रद्धा के मुताबिक सोना-चांदी और नकद चढ़ावा अर्पित करते हैं. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पिछले दो दशकों में मंदिर को 1,800 किलो से ज्यादा सोना और करीब 4,700 किलो चांदी चढ़ावे में मिली है. इसी अवधि में नकद चढ़ावा 2,000 करोड़ रुपए से अधिक रहा है. मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर की बात करें तो यहां भी सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकद दान बड़ी मात्रा में मिलता है. एक अनुमान के मुताबिक मंदिर के पास 200 किलो से ज्यादा सोना-चांदी है. बैंक खातों में करीब 700 से 800 करोड़ रुपए जमा हैं. मंदिर की सालाना कुल आमदनी करीब 182 करोड़ रुपए बताई जाती है. इसमें दान और हुंडी से मिलने वाली रकम लगभग 55 करोड़ 77 लाख रुपए है.

अब सवाल वही है कि जब इन मंदिरों के पास पहले से हजारों किलो सोना और करोड़ों रुपए जमा हैं तो भक्त लगातार सोना क्यों चढ़ाते हैं? इसकी सबसे बड़ी वजह आस्था और सदियों पुरानी धार्मिक परंपराएं हैं. कई श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने पर भगवान को सोने का मुकुट या आभूषण चढ़ाने का संकल्प लेते हैं. कुछ लोग अपनी कमाई का एक हिस्सा भगवान को समर्पित करना पुण्य मानते हैं. कई मंदिरों में चढ़ाए गए आभूषणों का इस्तेमाल विशेष पूजा और श्रृंगार में होता है. वहीं नकद और सोने के कुछ हिस्से को सुरक्षित रखने के लिए बैंकिंग व्यवस्था का सहारा लिया जाता है. यानी मंदिरों का खजाना सिर्फ उनकी संपन्नता की कहानी नहीं कहता. यह करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास का भी प्रतीक है. तिरुपति में 121 किलो सोने का नया चढ़ावा इसी परंपरा की एक और बड़ी मिसाल बन गया है.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍िया✅देखें.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top