जमशेदपुर: ‘चलो बुलावा आया है, बाबा बैद्यनाथ ने बुलाया है’. सावन के पावन महीने में शिव भक्तों के लिए खुशखबरी है. बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ इस वर्ष भी नि:शुल्क कांवर यात्रा का आयोजन करने जा रहा है. इस यात्रा में जमशेदपुर के 1000 श्रद्धालुओं को बिना किसी शुल्क के सुल्तानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर तक कांवर यात्रा कराई जाएगी.
लोकल 18 से बातचीत में संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि 9 अगस्त को जमशेदपुर से 1000 शिव भक्तों का जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना होगा. वहां से सभी श्रद्धालु उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरेंगे. इसके बाद वे पैदल कांवर यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचेंगे और जलाभिषेक करेंगे. जलार्पण के बाद सभी श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ धाम में भी दर्शन करेंगे. पूरी यात्रा करीब आठ दिनों की होगी.
विकास सिंह ने बताया कि इस यात्रा में मानगो, सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर, साकची और शहर के अन्य इलाकों के श्रद्धालु शामिल हो सकेंगे. यात्रा के लिए पंजीयन 20 जुलाई से शुरू होगा. पंजीयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा. सीटें सीमित होंगी. इसलिए इच्छुक श्रद्धालुओं को समय रहते अपना नाम दर्ज कराना होगा.वहीं, यात्रा में शामिल होने के लिए श्रद्धालु की उम्र 18 वर्ष से अधिक और 60 वर्ष से कम होनी चाहिए.
विकास सिंह ने बताया कि सभी पंजीकृत श्रद्धालुओं को फोटो और मोबाइल नंबर वाला पहचान पत्र दिया जाएगा. इसी पहचान पत्र के आधार पर उन्हें आरक्षित धर्मशालाओं और सुरक्षित ठहराव स्थलों में प्रवेश मिलेगा. यात्रा के दौरान मिलने वाली सभी सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क रहेंगी. उन्होंने बताया कि सभी कांवरियों के लिए एक समान ड्रेस कोड भी रखा गया है. इससे भीड़ में श्रद्धालुओं की पहचान करना आसान होगा. साथ ही कोई भी अपने जत्थे से बिछड़ेगा नहीं.
संघ ने सुल्तानगंज से देवघर तक पूरे कांवरिया पथ पर धर्मशालाओं और निजी ठहराव स्थलों की पहले से बुकिंग कर ली है. हर पड़ाव पर श्रद्धालुओं के विश्राम की व्यवस्था रहेगी. उनके मनोरंजन और थकान दूर करने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. यात्रा का विशेष आकर्षण ईनारावरण स्थित भूतनाथ धर्मशाला में छत्तीसगढ़ के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रावण वध की जीवंत झांकी होगी. श्रद्धालु इस सांस्कृतिक प्रस्तुति का भी आनंद ले सकेंगे.
इसके साथ ही, संघ की ओर से बस, धर्मशाला, भोजन, स्वास्थ्य सेवा और सांस्कृतिक कार्यक्रम समेत यात्रा से जुड़ी सभी सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी. श्रद्धालु को रजिस्ट्रेशन के लिए इन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की गई है.
मानगो: किशोर वर्मन – 8540986994
सोनारी: कृष्ण सिंह – 9334644378
कदमा: विक्रम यादव – 8092278440, 8210320937
जो श्रद्धालु इस वर्ष सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम की पवित्र कांवर यात्रा करना चाहते हैं, उनके लिए यह सुनहरा अवसर है. 20 जुलाई से पंजीयन शुरू होगा. इच्छुक श्रद्धालु समय पर अपना नाम दर्ज कराकर इस नि:शुल्क यात्रा का लाभ उठा सकते हैं.