राजधानी रांची में बुधवार को धूप और आंशिक बादलों का मिला-जुला असर देखने को मिला। दिनभर उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। शाम करीब 6 बजे रांची, बोकारो समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। इस दौरान गरज के साथ तेज हवा भी चली, जिससे कुछ देर के लिए मौसम सुहाना हो गया। मौसम केंद्र के अनुसार रांची का अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में लगभग 1 डिग्री अधिक रहा। वहीं डालटनगंज 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म रहा। पिछले 24 घंटे के दौरान दुमका जिले में सर्वाधिक 37.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने 11 से 13 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार इन जिलों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। गरज के साथ बारिश की भी संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी है। मानसून: एक हफ्ते में पहली बार दोनों छोर पर रुका… जल्द बढ़ेगा नई दिल्ली | मानसून आने के बाद बुधवार को पहली बार ऐसा हुआ, जब इसकी रफ्तार दोनों छोरों (पूर्वी व पश्चिमी तट) पर रुक गई। हालांकि, अगले दो से तीन दिनों में इसके तेजी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। जल्द ही मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश के बाकी हिस्सों को पार कर लेगा। इसके अलावा यह तमिलनाडु को पूरा कवर करते हुए ओडिशा और छत्तीसगढ़ तक पहुंचेगा। मानसून का पूर्वी छोर प. बंगाल को पार करके बिहार और झारखंड में भी दस्तक दे देगा। फिलहाल मानसून चेन्नई, महाराष्ट्र के हरनाई और बंगाल के सिलीगुड़ी में रुका है। मानसून आने के बाद से अब तक बारिश में 25% की कमी रही है। उम्मीद है कि अगले दो-तीन दिनों में इसकी भरपाई हो जाएगी। दूसरी ओर, उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में प्री-मानसून की बौछारें देखने को मिलेंगी। गुरुवार को कश्मीर में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ प्रवेश करेगा।
Source link