भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

भूली के आजाद नगर में लाखों की चोरी:अमन सोसायटी में बंद घर...




धनबाद के भूली ओपी क्षेत्र अंतर्गत आजाद नगर स्थित अमन सोसायटी में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया। सोसायटी के गेट नंबर-1 स्थित हाउस नंबर-135 से चोरों ने करीब पांच लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पीड़ित शाहनवाज खान ने बताया कि उन्होंने अपने इलाज के लिए बैंक से पांच लाख रुपये का लोन लिया था। यह राशि घर के लॉकर में रखी गई थी। बीती रात चोरों ने घर में घुसकर नकदी के अलावा सोने के झुमके और चांदी के कुछ आभूषण भी चुरा लिए। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर भूली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में कुछ संदिग्ध व्यक्ति घर में प्रवेश करते और चोरी की घटना को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले की जांच कर रहे एएसआई मनोज ओझा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। वहीं, वार्ड संख्या-17 के पार्षद इम्तियाज अंसारी ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top