Last Updated:
Palghar Earthquake: भूकंप के लिहाज से भारत के कई हिस्से रेड जोन में आते हैं. इसका मतलब यह हुआ कि इन क्षेत्रों में भूकंप आने की आशंका काफी ज्यादा रहती है. आमतौर पर भूकंप टेक्टोनिक प्लेटों के बीच टकराहट से आते हैं, लेकिन इसकी और भी वजहें होती हैं.
महाराष्ट्र के पालघर में भूकंप के दो झटके महसूस किए गए हैं. (फाइल फोटो)
Earthquake News: महाराष्ट्र के पालघर में भूकंप के ताबड़तोड़ दो झटके से लोग दहशत में आ गए. शुरआत में तो लोगों को कुछ समझ नहीं आया कि क्या हुआ है, पर जैसे ही पता चला कि भूकंप की वजह से धरती डोली है तो लोग आनन-फानन में अपने घरों से निकलकर खुले स्थान पर आ गए. बता दें कि कोलंबिया में 7.5 की तीव्रता वाले भूकंप से व्यापक पैमाने पर तबाही मची है. अभी तक वहां 130 लोगों के मारे जाने और अन्य के घायल होने की सूचना मिली है.
जानकारी के अनुसार, पालघर जिले के जवाहर विक्रमगढ़ इलाके में भूकंप के लगातार दो झटके महसूस किए गए. भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 और 3.4 आंका गया. कुछ ही देर के अंतराल में दो बार धरती डोलने से लोग खौफ में आ गए. भूकंप आने का आभास होते ही स्थानीय लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए. दूसरी तरफ, स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अलर्ट रहने की अपील की है.
9 अगस्त को भी डोली थी धरती
इससे पहले 9 अगस्त 2026 को भी महाराष्ट्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. महाराष्ट्र के नासिक जिले में शनिवार रात 4.3 तीव्रता के भूकंप के बाद रविवार सुबह 3.3 तीव्रता का झटका महसूस किया गया था. लगातार भूकंपीय गतिविधि से लोगों में दहशत फैल गई थी और कई स्थानों पर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. अधिकारियों के अनुसार, जिले के कुछ इलाकों में मकानों की दीवारों में दरारें भी आई हैं. हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
हतगढ़ पर्वत शृंखला था केंद्र
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे नासिक में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया. इसके बाद रविवार सुबह 5.33 बजे 3.3 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया. अधिकारियों के अनुसार, भूकंपीय गतिविधि महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के समीप हातगढ़ पर्वत श्रृंखला के पास भानवाड़ इलाके में करीब पांच किलोमीटर की गहराई में दर्ज की गई.
कई तहसील में महसूस हुए थे झटके
भूकंप के झटके नासिक शहर के अलावा सुरगाणा, कलवण, देवला, चांदवड़, पेठ, दिंडोरी और निफाड़ तहसीलों में भी महसूस किए गए. अचानक धरती हिलने से कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए. जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि सुरगाणा तहसील के भादर और दिंडोरी तहसील के नानाशी में कुछ मकानों की दीवारों में दरारें सामने आई हैं. प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…
और पढ़ें