![]()
चाईबासा । श्री मारवाड़ी हिन्दी मध्य विद्यालय, चाईबासा में अध्ययनरत सभी 396 छात्र-छात्राओं के बीच सोमवार को निःशुल्क संपूर्ण पोशाक का वितरण किया गया। प्रत्येक विद्यार्थी को पोशाक की दो-दो जोड़ियां प्रदान की गईं। पोशाक मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा। विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा पोशाक वितरण का काम अध्यक्ष तथा सदस्यों की मौजूदगी में किया गया। कार्यक्रम का स्वागत भाषण विद्यालय के प्रधानाध्यापक निर्मल चन्द्र त्रिपाठी ने दिया। संचालन शिक्षक अरुण प्रसाद ने किया। धन्यवाद ज्ञापन संदीपन मोहंती ने प्रस्तुत किया। वितरण में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेश प्रसाद सिंह, सदस्य मेवालाल होनहागा, सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय, एसआर रूंगटा ग्रुप के वरीय प्रबंधक सुरेश पोद्दार शामिल थे। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना समिति की प्राथमिकता है। पोशाक मिलने से बच्चों में समानता, अनुशासन और विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना मजबूत होगी। इस अवसर पर त्रिशानु राय, शिक्षिका स्वीटी सिन्हा, आरती कुमारी, अमृता शर्मा, मरजीना खातून तथा शिक्षक ओम प्रकाश गुप्ता और प्रमानंद सवैया उपस्थित थे।
Source link