भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

मिट्टी को दिया ऐसा प्रीमियम लुक कि महंगे ब्रांडेड आइटम भी पड़...


जमशेदपुर. मिट्टी से बनी चीजों का इस्तेमाल तो आपने अक्सर घरों में देखा होगा, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इसी साधारण मिट्टी से इतने खूबसूरत और प्रीमियम डेकोरेटिव आइटम भी तैयार किए जा सकते हैं, जिन्हें देखकर पहली नजर में पहचान पाना मुश्किल हो जाता है कि ये हाथों से बनाए गए हैं या किसी बड़ी फैक्ट्री में मशीनों से तैयार हुए हैं. जमशेदपुर की रहने वाली अंबिका सिंह अपने हुनर और मेहनत से मिट्टी को एक खूबसूरत रूप दे रही हैं.

उनके हाथों से तैयार टेराकोटा के प्रोडक्ट न सिर्फ देखने में आकर्षक हैं, बल्कि उनकी फिनिशिंग और डिजाइन भी लोगों का ध्यान खींचती हैं. आज वह घर की सजावट से लेकर रोजमर्रा के इस्तेमाल तक के कई तरह के प्रोडक्ट तैयार कर रही हैं.

मिट्टी से तैयार होता है प्रीमियम डेकोरेटिव सामान
अंबिका सिंह बताती हैं कि टेराकोटा के प्रोडक्ट बनाना जितना देखने में आसान लगता है, असल में इसकी प्रक्रिया उतनी ही मेहनत और धैर्य मांगती है. सबसे पहले अच्छी गुणवत्ता वाली मिट्टी का चयन किया जाता है. इसके बाद मिट्टी को पानी के साथ अच्छी तरह तैयार किया जाता है, ताकि उसमें मौजूद गांठ और अशुद्धियां निकल जाएं और वह आकार देने के लायक बन सके.

मिट्टी को कुछ समय तक भिगोकर और गूंथकर तैयार किया जाता है. इसके बाद जरूरत के अनुसार उसे अलग-अलग सांचों या हाथों की मदद से मनचाहा आकार दिया जाता है. तैयार आकृतियों को पहले अच्छी तरह सुखाया जाता है, ताकि उनमें नमी न रहे. इसके बाद उन्हें भट्ठी में तेज तापमान पर पकाया जाता है. पकने के बाद ही मिट्टी मजबूत होकर टेराकोटा का रूप लेती है.

झूमर से लेकर कप-प्लेट तक, हर प्रोडक्ट में दिखती है कलाकारी
अंबिका के बनाए प्रोडक्ट की खासियत यह है कि वह सिर्फ मिट्टी के सामान्य बर्तन ही नहीं बनातीं, बल्कि आधुनिक घरों की जरूरत और सजावट को ध्यान में रखकर अलग-अलग डिजाइन तैयार करती हैं. उनके कलेक्शन में खूबसूरत झूमर, डेकोरेटिव शो पीस, टेबल डेकोरेशन आइटम, कप-प्लेट, सॉसर और घर को आकर्षक बनाने वाले कई तरह के सजावटी सामान शामिल हैं. इनकी डिजाइन और फिनिशिंग इतनी शानदार होती है कि देखने वाले पहली नजर में इन्हें किसी महंगे ब्रांड के प्रोडक्ट समझ सकते हैं.

हर छोटे डिजाइन के पीछे छिपी होती है घंटों की मेहनत
टेराकोटा के सामान तैयार करने में सबसे बड़ी चुनौती मिट्टी को सही आकार देना और उसे बिना टूटे सुखाना होता है. जरा सी लापरवाही से तैयार प्रोडक्ट में दरार आ सकती है या भट्ठी में पकाते समय वह खराब हो सकता है. इसके बाद भी हर प्रोडक्ट को एक जैसी फिनिशिंग देना अपने आप में बड़ी कला है. यही वजह है कि एक खूबसूरत टेराकोटा प्रोडक्ट तैयार होने के पीछे कई चरणों की मेहनत छिपी होती है.

आज के समय में जब बाजार में मशीनों से बने सजावटी सामान की भरमार है, ऐसे में अंबिका सिंह अपने हाथों की कला से मिट्टी को एक नया रूप दे रही हैं. उनके बनाए प्रोडक्ट इस बात का उदाहरण हैं कि अगर हुनर और मेहनत का सही मेल हो, तो साधारण मिट्टी से भी ऐसी कलाकृतियां बनाई जा सकती हैं, जो किसी प्रीमियम कंपनी के सामान को भी खूबसूरती में टक्कर दे सकती हैं.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top