![]()
बरियातू थाना क्षेत्र के मोरहाबादी स्थित द एंपायर अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर सोमवार की शाम एक बंद फ्लैट में अचानक आग लग गई। फ्लैट डॉ. सतीश शरण का है। वह फ्लैट में ताला बंद कर किसी रिश्तेदार के घर गए हुए थे। इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे फ्लैट से तेज धुआं निकलता देख अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों को आग लगने की जानकारी हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल की टीम के पहुंचने से पहले ही फ्लैट के तीन कमरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही अपार्टमेंट में रहने वाले बड़ी संख्या में लोग पांचवीं मंजिल पर पहुंचे और वहां लगे अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, काफी मशक्कत के बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद तत्काल पुलिस और आड्रे हाउस फायर स्टेशन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कचहरी चौक स्थित सीसीआर में तैनात दमकल की गाड़ी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए आड्रे हाउस और डोरंडा फायर स्टेशन से भी चार अन्य दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल की पांच गाड़ियों ने करीब 20 मिनट तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी फ्लैट मालिक डॉ. सतीश शरण को दी गई, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। अगलगी में नुकसान का आकलन कया जा रहा फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देर रात तक इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फ्लैटि से तेज धुआं निकलता देख अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोग डरकर अपने-अपने फ्लैट से बाहर निकल आए। आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को आशंका होने लगी कि कहीं आग उनके फ्लैट तक न पहुंच जाए। हालांकि, स्थानीय लोगों ने एक-दूसरे को शांत कराया। दमकल की टीम द्वारा आग पर काबू पाए जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
Source link