भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

ये है पलामू का गोवा..! तीन नदियों का संगम, रेत पर बैठ...


Last Updated:

Palamu New Tourist Hotspot: पलामू का कजरी-सिगरा संगम स्थल जिले का नया टूरिस्ट स्पॉट बन रहा है. यहां तीन नदियों का संगम होता है, रेतीला तट है जहां बैठकर लोग घंटों गपशप करते हैं. साथ ही यहां शिव-शक्ति का धाम भी है जिससे यहां पूजा-पाठ करने भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं.

ख़बरें फटाफट

पलामू. गर्मी के मौसम में लोग शहर की भीड़भाड़ और शोरगुल से दूर शांत और सुकून भरी जगहों की तलाश में निकलते हैं. ऐसे में पलामू जिले का कजरी-सिगरा संगम स्थल लोगों के लिए खास आकर्षण बनता जा रहा है. मेदिनीनगर शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित यह जगह प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है. यहां पहुंचते ही बहती नदियों की कलकल आवाज, ठंडी हवाएं और विशाल रेतीला तट लोगों को गोवा के बीच जैसा एहसास कराता है. खासकर शाम के समय यहां का नजारा बेहद मनमोहक हो जाता है, जब लोग परिवार और दोस्तों के साथ सुकून के पल बिताने पहुंचते हैं.

तीन नदियों का संगम बनाता है खास
स्थानीय लोगों के अनुसार, कजरी और सिगरा गांव के पास अमानत, झिंझोई और कोयल नदी का मिलन होता है. पहले झिंझोई नदी अमानत में मिलती है और फिर अमानत नदी कजरी-सिगरा बॉर्डर पर कोयल नदी से जाकर मिलती है. इसी वजह से इसे तीन नदियों का संगम भी कहा जाता है. नदी किनारे बना बड़ा रेतीला तट लोगों को रोमांचित करता है. वहीं रेलवे ओवरब्रिज से गुजरती ट्रेन इस जगह की खूबसूरती को और खास बना देती है. यहां की ठंडी हवाएं और प्राकृतिक वातावरण लोगों को मानसिक शांति का एहसास कराते हैं.

शिव शक्ति धाम में उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़
संगम स्थल के पास स्थित शिव शक्ति धाम भी लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है. स्थानीय निवासी उपकार कुमार सिंह बताते हैं कि वर्ष 1911 में स्थापित यह मंदिर करीब सौ साल से ज्यादा पुराना है. मंदिर में पूरे साल सुबह-शाम आरती होती है. वहीं महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां भव्य मेले का आयोजन किया जाता है. सावन महीने में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. मंदिर परिसर के आसपास का बगीचा और हरियाली इस जगह की सुंदरता को और बढ़ा देती है, जहां कई तरह के दुर्लभ पेड़ भी लगाए गए हैं.

शाम का नजारा करता है रोमांचित
कजरी निवासी विशाल सिंह ने लोकल 18 को बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ रोजाना यहां घूमने आते हैं. शाम के समय नदी किनारे बैठकर ठंडी हवाओं का आनंद लेना बेहद सुकून देता है. विशाल रेतीला बीच, बहती नदी और ऊपर से गुजरती ट्रेन लोगों को रोमांचित करती है. वहीं शिव शक्ति धाम के पुजारी शिव शंकर पाठक कहते हैं कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं. प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था और सुकून भरे माहौल की वजह से यह जगह अब पलामू के नए पर्यटन स्थल के रूप में अपनी पहचान बना रही है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top