![]()
श्रावण पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शुक्रवार को इटखोरी स्थित प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह मां के श्रृंगार पूजन से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ जुटने लगी। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां भद्रकाली के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। श्रावण पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिला श्रद्धालु हाथों में पूजा की थाली और प्रसाद लेकर मां के दरबार में पहुंचीं। श्रद्धालुओं ने मां को फूल, फल, प्रसाद और चुनरी अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा और जय माता दी के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व होने के कारण बड़ी संख्या में परिवार के साथ श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दर्शन-पूजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर प्रबंधन और स्थानीय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। अत्यधिक भीड़ होने के कारण मंदिर के साधना चबूतरा पर श्रद्धालुओं को लाइन में लगा पड़ा। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुरुष और महिला सशस्त्र बल की तैनाती की गई थी। थाना प्रभारी स्वयं भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे रहे। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मां के दर्शन करते नजर आए।मां भद्रकाली मंदिर इटखोरी धार्मिक आस्था के साथ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण स्थल माना जाता है। मंदिर परिसर में प्राचीन धार्मिक अवशेषों के साथ 1008 शिवलिंग वाला प्रसिद्ध सहस्र शिवलिंग भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है। रक्षाबंधन के मौके पर मंदिर में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर इटखोरी की धार्मिक महत्ता और लोगों की मां भद्रकाली के प्रति गहरी आस्था को प्रदर्शित किया। जगह-जगह पर वाहनों की पार्किंग के लिए वेरेकेटिंग लगाया गया था। जहां वाहनों को पार्किंग कर श्रद्धालु पैदल मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में भव्य मेले का भी आयोजन हुआ।
Source link