Last Updated:
Ranchi Protest Permission: झारखंड में छात्र आंदोलन की सरगर्मी के बीच रांची जिला प्रशासन ने धरना-प्रदर्शन के साथ ही जुलूस और रैली को लेकर एक लंबा चौड़ा दिशा निर्देश जारी कर दिया है. इसे लेकर जहां अब सक्षम पदाधिकारी से न सिर्फ अनुमति लेना है बल्कि तमाम जानकारियां भी साझा करनी अनिवार्य हो गईं हैं. क्या है नियम और क्या है इसके मायने?
रांची में धरना-रैली पर प्रशासन सख्त, पहले अनुमति जरूरी,
रांची. झारखंड की राजधानी रांची में धरना-प्रदर्शन, घेराव, जुलूस, रैली एवं आमसभा के आयोजन के संबंध में एक एडवाइजरी जारी की गई है. रांची में अब किसी भी तरह के प्रदर्शन और धरने को लेकर सक्षम प्राधिकारी अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर/बुंडू के निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है. आयोजन से पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम की पूरी आवश्यक जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराना भी आवश्यक है. इसे लेकर कहा गया है कि विभिन्न स्थानों पर धरना-प्रदर्शन, घेराव, जुलूस, रैली एवं आमसभा का आयोजन किया जाता है, तो इसमें कितने लोग शामिल होंगे और ये धरना प्रदर्शन कब तक चलेगा और अगर जुलूस है तो इसका रूट क्या रहेगा, इस तरह की तमाम जानकारी पूर्व से देनी होगी.
जुलूस और रैली के लिए देनी होगी पूरी जानकारी
इसके पीछे प्रशासन का तर्क है कि पूर्व में आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जाती है तो ऐसे आयोजनों के कारण विधि-व्यवस्था एवं जन-सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है. इससे आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. अगर पूर्व से जानकारी प्रशासन को रहेगी तो उसके अनुसार विधि व्यवस्था का संधारण किया जाएगा.
कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक पर प्रशासन की नजर
बता दें कि प्रशासन के द्वारा एडवाइजरी के कारण कई सवाल भी उठ रहे हैं. जैसे कि अगर कोई धरना प्रदर्शन शुरू होता है तो वो कब तक चलेगा और उसमें कितने लोग शामिल शामिल होंगे, ये बता पाना हर आंदोलन के लिए संभव नहीं होता. बावजूद इसके अब एडवाइजरी जारी कर दी गई है. ऐसे में अनुमान है कि बीते दिनों छात्र आंदोलन से सबक लेते हुए प्रशासन अब कोई कोताही नहीं बरतना चाहता.
शांतिपूर्ण और वैधानिक कार्यक्रम की अपील
जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, छात्र संगठनों और अन्य आयोजकों से शांतिपूर्ण एवं वैधानिक तरीके से कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की है.
प्रशासन ने कहा है कि कार्यक्रमों के दौरान विधि-व्यवस्था और जन-सुरक्षा का ध्यान रखा जाए. साथ ही सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग किया जाए.
रांची पुलिस की एडवाइजरी का क्या मतलब?
रांची में छात्र आंदोलनों और विभिन्न संगठनों के प्रदर्शन के बीच प्रशासन की यह अपील आने वाले दिनों में होने वाले धरना, रैली और जुलूसों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है. अब आयोजकों को कार्यक्रम से पहले प्रशासन को पूरी जानकारी देने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति लेने पर विशेष ध्यान देना होगा.
About the Author
पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…
और पढ़ें