![]()
रांची सहित राज्यभर में मानसून धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है। रविवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। सुबह और देर रात कई क्षेत्रों में बारिश हुई। रांची में 4 एमएम और खूंटी में सबसे अधिक 8 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री गिरकर 33.1 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। रांची, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़ सहित अन्य जिलों में 22 जून को बारिश के साथ तेज हवा चल सकती है। सोमवार को 50 से 60 किमी की रफ्तार से हवा चलने, गर्जन के साथ वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। 27 जून तक रोजाना बारिश और तेज हवा का यलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 41.8 डिग्री था। रांची छोड़ पूरे राज्य में अब तक कम बारिश: रांची में अभी तक बारिश ठीक हुई है। सामान्य वर्षापात 105 एमएम के मुकाबले 108 एमएम बारिश हुई है,जो 3 एमएम अधिक है। रांची के अलावा किसी भी जिले में अच्छी बारिश नहीं हुई है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी से होगी बारिश पंजाब से बिहार तक एक टर्फ बनी हुई है। जबकि झारखंड से आंध्र प्रदेश तक एक अन्य टर्फ रेखा सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से राज्य में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। बंगाल की खाड़ी से भी नमी आ रही है। ऐसे में बारिश की संभावना बन रही है। इस माह तक हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। लेकिन अगले माह नया सिस्टम बनने से अच्छी बारिश होने की संभावना है।
Source link