Last Updated:
झारखंड राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की हार के बाद कांग्रेस और RJD के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. RJD नेताओं ने दावा किया कि पार्टी के चारों विधायकों ने प्रणव झा को ही वोट दिया था. RJD ने क्रॉस वोटिंग के आरोपों को खारिज करते हुए जांच की मांग की है.
कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम
रांची: झारखंड राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की हार के बाद महागठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस और RJD के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. RJD नेताओं ने साफ कहा है कि पार्टी के सभी चार विधायकों ने कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के पक्ष में मतदान किया था. RJD के राष्ट्रीय महासचिव भोला प्रसाद यादव ने कहा कि अगर किसी को संदेह है तो वोटिंग की जांच करा ली जाए. उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू के बयान की निंदा करते हुए कहा कि RJD कभी सांप्रदायिक ताकतों के सामने नहीं झुकी है और न आगे झुकेगी. उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से अपने नेताओं के बयानों पर नियंत्रण रखने की भी अपील की.
दरअसल, झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में JMM उम्मीदवार बैद्यनाथ राम और NDA समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी विजयी रहे. नथवानी को 28 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को सिर्फ 20 वोट मिल सके. चुनाव परिणाम के बाद क्रॉस वोटिंग को लेकर सवाल उठे हैं, जिससे महागठबंधन के भीतर तनाव बढ़ता दिख रहा है.
कांग्रेस के भीतर ही अलग-अलग गुट
बिहार सरकार में मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि RJD ने पूरी ईमानदारी से प्रणव झा को वोट दिया है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर ही अलग-अलग गुट हैं और हार की वजह पार्टी को अपने अंदर तलाशनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह देखना चाहिए कि उसके विधायक उसके नियंत्रण में हैं या नहीं.
पार्टी में खींचतान
RJD के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने भी कहा कि पार्टी नेतृत्व ने सार्वजनिक रूप से अपने चारों विधायकों को सामने लाकर दिखाया है. उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस पर संकट आया, RJD उसके साथ खड़ी रही है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि RJD अपने नेता और अपनी विचारधारा के प्रति जवाबदेह है. वहीं विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि प्रणव झा को वोट देना है. उन्होंने कांग्रेस नेताओं के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी अपनी हार की जिम्मेदारी दूसरों पर डाल रही है.
About the Author
मनीष कुमार इस समय न्यूज18 हिंदी में बिहार, झारखंड और दिल्ली की टीम को लीड कर रहे हैं. इन राज्यों की बड़ी खबरों से लेकर खास फीचर स्टोरी तक, उनकी नजर हर अहम मुद्दे पर रहती है. उनका मुख्य उद्देश्य है कि हर जरूरी ख…और पढ़ें