भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

राज्यसभा चुनाव; JMM-कांग्रेस के बीच मंथन:कांग्रेसी बोले- सीएम हाउस की पसंद का...




झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई हैं। इंडिया गठबंधन ने अपनी रणनीति लगभग तय कर ली है। महागठबंधन दोनों सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है। इसी सिलसिले में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू और तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्‌टी विक्रमार्क ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीएम हाउस में मुलाकात की। बैठक में प्रदेश सह प्रभारी सिरी बेला प्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी मौजूद रहे। करीब दो घंटे चली इस अहम बैठक में सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान कांग्रेस ने साफ तौर पर एक सीट पर अपनी दावेदारी पेश कर दी, जिससे गठबंधन के भीतर समीकरणों को लेकर हलचल बढ़ गई है। दो दिनों में होगा फैसला, शीर्ष नेतृत्व लगाएगा अंतिम मुहर बैठक के बाद संकेत मिले हैं कि झामुमो और कांग्रेस के बीच एक-एक सीट पर सहमति बन सकती है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वे अगले दो दिनों में अपनी पार्टी और सहयोगी दलों से चर्चा करेंगे, जिसके बाद दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के बीच अंतिम बातचीत होगी। इसके बाद ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी। वहीं, के. राजू ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान की प्राथमिकता है कि झारखंड की दोनों राज्यसभा सीटें इंडिया गठबंधन के खाते में जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का संदेश लेकर रांची आए हैं। पार्टी एक सीट पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने भरोसा जताया कि गठबंधन मिलकर भाजपा को हराने में सफल रहेगा। कांग्रेसी बोले- सीएम हाउस की पसंद का हो उम्मीदवार बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी ने कांग्रेस के नेताओं के साथ रायशुमारी की। इसमें पूर्व सांसद, मंत्री विधायक और पूर्व विधायक शामिल थे। सबने एक सुर में कहा कि कांग्रेस को उम्मीदवार उतारने चाहिए। वहीं कुछ नेताओं ने कहा कि पार्टी का उम्मीदवार ऐसा होना चाहिए, जो सीएम हाउस की पसंद का हो। इससे राज्यसभा चुनाव जीतने में आसानी होगी। इसी बीच पूर्व सांसद धीरज साहू और प्रदीप बलमुचू ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। ओबीसी या फारवर्ड हो सकता है कांग्रेस का प्रत्याशी बैठक के बाद यह चर्चा शुरू हो गई है कि कांग्रेस का प्रत्याशी कौन हो सकता है। माना जा रहा है कि झामुमा का उम्मीदवार अनुसूचित जनजाति का होगा। ऐसे में कांग्रेस ओबीसी या फारवर्ड पर दांव खेल सकती है। तेलंगाना के डिप्टी सीएम ने कुर्मी नेता को उतारने पर जोर दिया है। ऐसा हुआ तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश प्रत्याशी हो सकते हैं। वहीं अगर फारवर्ड नेता पर भरोसा जताती है तो पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर या सुबोधकांत सहाय को चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। अल्पसंख्यक वर्ग से एक पूर्व सांसद और एक पूर्व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भी टिकट की होड़ में लगे हैं। हालांकि यह सबकुछ आलाकमान के फैसले पर ही निर्भर करेगा। कांग्रेस स्थानीय उम्मीदवार को ही मैदान में उतारेगी सीएम हाउस पहुंचने से पहले एयरपोर्ट पर कांग्रेस प्रभारी ने कहा कांग्रेस स्थानीय उम्मीदवार को ही चुनाव मैदान में उतारेगी। झारखंड का सेंटिमेंट काफी स्ट्रांग है। इसलिए स्थानीय उम्मीदवार ही देना है। कांग्रेस एक सीट को लेकर पूरी तरह आशान्वित है। उधर, स्थानीय उम्मीदवार उतारने की बात सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई कि आखिर कौन उम्मीदवार होगा। कई बड़े नेता लॉबिंग में जुट गए।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top