![]()
रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना महतो टोला के पास की है, जहां बड़का चूंबा निवासी नीरज कुमार अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वह घाटों क्षेत्र से अपने घर की ओर जा रहे थे। तभी विपरीत दिशा से आ रही एक ब्रेजा कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नीरज कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, रामगढ़ भेज दिया। दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल (JH 02 W 6256) और ब्रेजा कार (JH 24C 2563) को भी जब्त कर थाने ले जाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। बार-बार हो रहे हादसों से ग्रामीणों में आक्रोश स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि महतो टोला के पास यह कोई पहली घटना नहीं है। इस क्षेत्र में पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिससे लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इस स्थान पर जल्द से जल्द रोड ब्रेकर लगाने और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Source link