भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

रामरेखा बाबा की 19वीं पुण्यतिथि भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया




भास्कर न्यूज|सिमडेगा श्री रामरेखा धाम में श्री रामरेखा धाम विकास समिति की बैठक वरिष्ठ उपाध्यक्ष ईश्वर प्रसाद साहू की अध्यक्षता में हुई। श्री रामरेखा धाम के सत्संग भवन में संरक्षकगण की उपस्थिति, संत श्री तुलसीदास जी महाराज के सान्निध्य तथा पदाधिकारियों द सैकड़ों सदस्य-कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। पुरोहित भुनेश्वर पंडा ने ब्रह्मलीन रामरेखा बाबा के चित्र पर पूजन व माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रीराम धुन के साथ बैठक की शुरुआत हुई। सचिव ने विगत बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि करते हुए विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रस्ताव बैठक के पटल पर रखे। प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के बाद कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए व उनके सफल क्रियान्वयन के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में मुख्य रूप से गुरु पूर्णिमा और ब्रह्मलीन श्री रामरेखा बाबा की पुण्यतिथि को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया। पुरोहित भुनेश्वर पंडा ने जानकारी दी कि गुरु पूर्णिमा उत्सव आषाढ़ शुक्ल पक्ष पूर्णिमा, बुधवार, 29 जुलाई को मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्री रामरेखा धाम एवं देवराहा बाबा आश्रम, सिमडेगा में प्रातः 8 बजे से व्यास पूजन, गुरु पूजन, हवन तथा भंडारे का आयोजन किया जाएगा। यह भी बताया गया कि ब्रह्मलीन श्रीश्री 1008 जयराम प्रपन्नाचार्य जी महाराज (रामरेखा बाबा) की 19वीं पुण्यतिथि बैकुंठ उत्सव तीन दिवसीय कार्यक्रम के रूप में 6 से 8 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत 6 अगस्त, गुरुवार (श्रावण कृष्ण पक्ष अष्टमी) को रात्रि 8 बजे अधिवास पूजन होगा। 7 अगस्त, शुक्रवार (श्रावण कृष्ण पक्ष नवमी) को प्रातः 8 बजे से अखंड हरिनाम संकीर्तन प्रारंभ होगा तथा 8 अगस्त, शनिवार (श्रावण कृष्ण पक्ष दशमी) को प्रातः 8 बजे अखंड हरिनाम संकीर्तन का समापन किया जाएगा। इसके बाद हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा। बैठक में कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार, शाखा समितियों एवं श्रद्धालुओं तक सूचना पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही संरक्षकगण ने सर्वसम्मति से श्री रामरेखा धाम की विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने एवं विभिन्न कार्यों के बेहतर संचालन के लिए पदाधिकारियों के बीच विभागवार कार्यों का बंटवारा किया।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top