भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

रिंकी ने बच्चों की पढ़ाई के लिए शुरू किया मधुमक्खी पालन, आत्मनिर्भर...


होमताजा खबरकृषि

रिंकी ने बच्चों की पढ़ाई के लिए शुरू किया मधुमक्खी पालन, पेश की मिशाल

Last Updated:

देवघर के बसमंडीह गांव की 12वीं पास रिंकी कुमारी ने मधुमक्खी पालन से मिसाल पेश की है. ट्रेनिंग के बाद उन्होंने दो बॉक्स से शुरुआत की. देवघर उद्यान विभाग ने उन्हें 20 और बॉक्स दिए. अब 22 बॉक्स से वह परिवार की आमदनी बढ़ा रही हैं और आत्मनिर्भर बन रही हैं.

ख़बरें फटाफट

देवघरः कहते हैं कि जब मन में कुछ करने का हौसला हो तो रास्ते अपने आप निकल आते हैं.घर की जिम्मेदारियां हों, बच्चों की पढ़ाई की चिंता हो या परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की जरूरत, एक महिला अगर ठान ले तो वह घर की चारदीवारी से निकलकर अपनी अलग पहचान बना सकती है. कुछ ऐसी ही कहानी देवघर की रिंकी कुमारी की है. महज 12वीं पास रिंकी कुमारी ने जब देखा कि पति की खेती से परिवार का खर्च चलाना और बेटे को अच्छे स्कूल में पढ़ाना मुश्किल हो रहा है, तो उन्होंने सिर्फ हालात का रोना नहीं रोया, बल्कि खुद कमाई करने की ठान ली. घर के चूल्हे-चौके की जिम्मेदारी संभालने के साथ उन्होंने मधुमक्खी पालन शुरू किया.आज यही मधुमक्खियां उनके परिवार की आमदनी बढ़ाने में मददगार बन रही हैं.

जसीडीह की रिंकी देवी बन रही आत्मनिर्भर 
दरअसल, यह कहानी देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बसमंडीह गांव की रहने वाली रिंकी कुमारी की है. रिंकी कुमारी 12वीं पास हैं और पिछले एक साल से मधुमक्खी पालन कर रही हैं.उनके पति दीपक कुमार मंडल किसान हैं और कई सालों से खेती-बाड़ी के जरिए परिवार चलाने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन खेती में मेहनत करने के बावजूद आमदनी इतनी नहीं हो पाती थी कि परिवार की सभी जरूरतें आसानी से पूरी हो सकें. खासकर बेटे की अच्छी पढ़ाई को लेकर रिंकी कुमारी को हमेशा चिंता रहती थी. वह चाहती थीं कि उनका बेटा अच्छे स्कूल में पढ़े और उसे बेहतर भविष्य मिल सके. लेकिन सीमित आमदनी के कारण यह सपना पूरा करना आसान नहीं था.

कमाई मे बंटा रही है पति का हाथ 
रिंकी कुमारी ने लोकल 18 से बातचीत करते हुए कहां की एक दिन उनके मन में विचार आया कि आखिर घर की जिम्मेदारियां निभाने के साथ वह अपने पति का हाथ कमाई में क्यों नहीं बंटा सकती हैं? जब पति दिन-रात खेतों में मेहनत कर रहे हैं, तो उन्हें भी परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए कुछ करना चाहिए. इसी सोच ने उनके जीवन की दिशा बदल दी. उन्होंने घर के कामकाज तक खुद को सीमित रखने के बजाय रोजगार का रास्ता तलाशना शुरू किया. इसी दौरान उन्हें मधुमक्खी पालन के बारे में जानकारी मिली. उन्हें पता चला कि शहद की मांग सालभर बनी रहती है और कम जगह में भी इस काम को शुरू किया जा सकता है. बस फिर क्या था, उन्होंने इस काम को सीखने का फैसला कर लिया.

22 बॉक्स के साथ कर रही है मधूमखी पालन 
रिंकी कुमारी ने सबसे पहले ब्लॉक में मधुमक्खी पालन की ट्रेनिंग ली.यहां उन्होंने मधुमक्खियों को पालने, उनकी देखभाल करने और शहद उत्पादन से जुड़ी जरूरी बातें सीखीं. ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उन्होंने अपने बचत के पैसों से एक साल पहले मधुमक्खी पालन के दो बॉक्स खरीदे. शुरुआत भले ही छोटी थी. लेकिन उनके इरादे मजबूत थे. इसके बाद उद्यान विभाग की ओर से उन्हें 20 और बॉक्स उपलब्ध कराए गए. इस तरह आज उनके पास कुल 22बॉक्स हैं, जिनके माध्यम से वह मधुमक्खी पालन कर रही हैं.

पहले की तुलना मे बढ़ी है आमदनी 
रिंकी कुमारी के लिए यह काम सिर्फ शहद उत्पादन का जरिया नहीं, बल्कि परिवार की खुशहाली से जुड़ा एक प्रयास है. वह बताती हैं कि अभी इस काम की शुरुआत ही हुई है. कमाई बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन पहले की तुलना में परिवार की आमदनी में निश्चित रूप से बढ़ोतरी हुई है. सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि अब वह अपने पति के साथ परिवार की जिम्मेदारी उठाने में योगदान दे पा रही हैं. घर के कामकाज के साथ मधुमक्खियों की देखभाल करना आसान नहीं होता, लेकिन वह दोनों जिम्मेदारियां खुशी-खुशी निभा रही हैं.

रोजगार के लिए बड़ा निवेस और डिग्री जरूरी नहीं
रिंकी कुमारी की यह पहल उन महिलाओं के लिए भी एक मिसाल है, जो पढ़ाई कम होने या घर की जिम्मेदारियों के कारण खुद को रोजगार से जोड़ने के बारे में सोच नहीं पाती हैं. उनकी कहानी बताती है कि रोजगार शुरू करने के लिए हमेशा बड़े निवेश या बड़ी डिग्री की जरूरत नहीं होती. जरूरत होती है कुछ सीखने की इच्छा, थोड़ी हिम्मत और आगे बढ़ने के जुनून की.दो बॉक्स से शुरू हुआ उनका सफर आज 22 बॉक्स तक पहुंच चुका है. रिंकी कुमारी अभी और आगे बढ़ना चाहती हैं, ताकि परिवार की आमदनी बढ़े और बेटे को बेहतर शिक्षा मिल सके. सच कहें तो रिंकी देवी सिर्फ मधुमक्खियों से शहद नहीं निकाल रहीं, बल्कि अपनी मेहनत से परिवार के बेहतर भविष्य की मिठास भी तैयार कर रही हैं.

About the Author

Prashun Singh

प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.

इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top